Raipur News: रायपुर रेलवे स्टेशन के पास जनरल स्टोर्स में बिक रहा था चाकू, दुकानदार गिरफ्तार, 8 चाकू भी जब्त
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन के पास जनरल स्टोर्स में चाकू बेचने वाले दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Raipur News: रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने चाकू बेचने वाले दुकानदार पर कार्रवाई की है। पुलिस ने दुकानदार के कब्जे से आठ नग चाकू बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी दुकानदार से पूछताछ कर रही है कि वो इन चाकू को कहा से मंगवाता था।
दरअसल, थाना गंज पुलिस ने धारदार चाकू रखने एवं बिक्री करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
4 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन रोड स्थित जीपीएस जनरल स्टोर्स में जांच की गई। मौके पर उपस्थित व्यक्ति ने अपना नाम हर्षील जैन पिता मीतलाल जैन 42 वर्ष निवासी रमन मंदिर वार्ड, फाफाडीह, थाना गंज, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान दुकान से 8 नग स्टील के धारदार बटनदार चाकू बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त चाकू किन व्यक्तियों को बेचे गए हैं। इसके सम्बन्ध में कोई भी संतोषप्रद जवाब नहीं दिया न ही ऐसा कोई रजिस्टर या दस्तावेज प्रस्तुत किया गया कि किस आधार पर बटन दार चाकू बिक्री किए गए।आरोपी द्वारा न तो कोई स्टॉक रजिस्टर पेश किया गया और न ही खरीदी से संबंधित कोई दस्तावेज, बिल व लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
चाकू कहाँ से ख़रीदा गया और किसने इसकी डिलीवरी की, इन सभी स्त्रोत के संबंध में जाँच की जा रही है।
चाकुओं को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।