Atal Bihari Vajpayee Statue: अटलजी के नाम पर कमीशनबाजी का खेल! 45 करोड़ की 183 प्रतिमाओं के लिए बिना टेंडर आर्डर, पद्यश्री मूर्तिकार ने लगाए गंभीर आरोप

Atal Bihari Vajpayee Statue: छत्तीसगढ़ की 183 नगर पंचायतों, नगरपालिकाओं और नगर निगमों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की लगाई जाने वाली प्रतिमाओं में कमीशनबाजी की हैरान करने वाली खबरें आ रही है। बिना टेंडर पांच पार्टियों के नाम तय कर दिए गए हैं और कमिश्नरों और सीएमओ को फोन कर उन्हीं से मूर्ति खरीदने का प्रेशर बनाया जा रहा है। जबकि, पूरे प्रदेश में जब अटल परिसर बनाने का आदेश हुआ था, उसमें स्पष्ट तौर पर लिखा था कि ओपन टेंडर से अगर काम नहीं हुआ तो इसके लिए सीएमओ और कमिश्नर जिम्मेदार होंगे। अलबत्ता, छत्तीसगढ़ के मूर्तिकार संगठन ने नगरीय प्रशासन को पत्र लिखकर गंभीर शिकायतें की है। इनमें छत्तीसगढ़ के जाने माने पद्यश्री प्राप्त मूर्तिकार नेल्सन भी शामिल हैं।

Update: 2025-05-23 06:47 GMT
Atal Bihari Vajpayee Statue: अटलजी के नाम पर कमीशनबाजी का खेल! 45 करोड़ की 183 प्रतिमाओं के लिए बिना टेंडर आर्डर, पद्यश्री मूर्तिकार ने लगाए गंभीर आरोप
  • whatsapp icon

Atal Bihari Vajpayee Statue: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर बनाने का ऐलान किया था। इसके लिए चौक-चौराहों पर पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी की प्रतिमा लगाया जाना था।

15 मार्च 2024 को नगरीय प्रशासन विभाग ने आदेश निकाल कर अधोसंरचना मद से नगर पंचायतों के लिए 20 लाख, नगरपालिकाओं के लिए 30 लाख और नगर निगमों के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किया था। छत्तीसगढ़ में 122 नगर पंचायत, 47 नगरपालिकाएं और 14 नगर निगम हैं। याने इन 183 नगरीय निकायों के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री ने 45.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी थी।

अफसरों को चेताया

नगरीय प्रशासन ने आदेश में सभी नगरीय निकायों को चेताया था कि स्वच्छ निविदा आमंत्रित करने से पूर्व उस पर स़क्षम अधिकारी से अनुमोदन लिया जाए। अन्यथा निगम कमिश्नर या नगरपालिका अधिकारी इसके जिम्मेदार होंगे।

मुख्य खर्च प्रतिमा पर

चूकि नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रतिमा के साथ चौक का डिजाइन भेजा है, उससे स्पष्ट है कि 45.50 करोड़ में मुख्य व्यय प्रतिमा पर किया जाएगा। क्योंकि चौक का परिसर काफी छोटा बनेगा। वैसे भी अब शहरों के प्राइम लोकेशन पर पहले जैसे जमीन उपलब्ध नहीं है। इसलिए नगर निगम में अगर 50 लाख का बजट है तो संकेत हैं कि 30 से 40 लाख प्रतिमा पर खर्च किया जाएगा।

नगरीय प्रशासन सवाल के घेरे में

आश्चर्य की बात है कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार है। बीजेपी के नेता अटलजी की हर बात में दुहाई देते हैं। अटलबिहारी बाजपेयी ने ही प्रधानमंत्री रहते नवंबर 2000 में छत्तीसगढ़वासियों को नए राज्य की सौगात दी थी। वैसे शख्सियत की प्रतिमा में अगर कमीशनबाजी के आरोप लगे तो वाकई हालत चिंताजनक है। बताते हैं, नगरीय प्रशासन विभाग के लोगों ने पांच लोगों के नाम तय कर दिए हैं और कमिश्नरों और सीएमओ को फोन कर कहा जा रहा है कि इन्हीं से आप अटलजी की प्रतिमा बनावाइये। याने नगरीय प्रशासन विभाग अपने ही आदेश को पलट रहा है, जिसमें उसने हिदायत दी थी कि स्वच्छ टेंडर करके प्रतिमा की स्थापना की जाए।

मूर्तिकार संघ के गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ के मूर्तिकार संघ ने नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक रिमुजियस एक्का को विभाग की मनमानी की शिकायत की है। शिकायत पत्र में हस्ताक्षर करने वालों में छत्तीसगढ़ के नामी मूर्तिकार पद्यश्री पुरस्कार प्राप्त नेल्सन भी शामिल हैं। संघ ने शिकायत में साफतौर पर लिखा है कि नगरीय प्रशासन के कुछ लोग नगरीय निकायों के अधिकारियों को फोन कर इन पांच फर्मों से प्रतिमा खरीदने का प्रेशर बना रहे हैं। बता दें, नेल्सन छत्तीसगढ़ के मशहूर मूर्तिकार हैं। छत्तीसगढ़ में जितनी बड़ी प्रतिमाएं बनी हैं, उसे नेल्सन ने बनाया है। वो चाहे विधानसभा परिसर की महात्मा गांधी की विशाल प्रतिमा हो या फिर डोंगरगढ़ की दूर से दिखाई देने वाली बौद्ध प्रतिमा। छत्तीसगढ़ के तमाम शहरों में विभिन्न महापुरूषों की प्रतिमाएं लगी हैं, उनमें से अधिकांश प्रतिमाएं नेल्सन द्वारा बनाई गई है।

इस बारे में एनपीजी न्यूज ने नगरीय प्रशासन विभाग के डायरेक्टर रिमुजिएस एक्का से बात कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया। उनके मोबाइल नंबर पर तीन बार कॉल किया गया। मगर कोई रिस्पांस नहीं मिला। उधर, मूर्तिकार पद्यश्री नेल्सन शिकायत के संदर्भ में कुछ भी कहने से बचते रहे मगर उन्होंने यह जरूर कहा कि अटलजी जैसे देश की बड़े शख्सियत की प्रतिमा का सवाल है, उसे संजीदगी से बनानी चाहिए, ताकि कोई उंगली न उठाए।

बहरहाल, मूर्तिकार संघ ने अपनी शिकायत में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा चिन्हित पांच फर्मों का नाम लिखा है। वो इस प्रकार हैं...

1. Together We Grow Projects, Raipur, MD Mr. Yash Kedia

2. The Art Factory, Dharampura, Raipur, Contractor-Sandeep Rajput

3. M/s Dwaper Enterprises Telibandha Raipur, MD Mr. Rohit Agrawal.

4. Rajdhani Enterprises Sarkanda, Bilaspur, MD Mr. Kushagra Shukla

5. Tathastu, The Art Studio Raipur, Contract Person-Rahul Ojha

Tags:    

Similar News