अरबों का घोटाला, जेल में 'VIP' ट्रीटमेंट: क्या मेहुल चोकसी के लिए 5-स्टार होटल बनेगा मुंबई की आर्थर रोड जेल का बैरक नंबर 12?
25,000 करोड़ के (PNB) घोटाले के आरोपी हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी को भारत लाने के लिए सरकार पूरी कोशिश कर रही है। बेल्जियम को भरोसा दिया गया है कि भारत में उन्हें यूरोपीय ह्यूमन राइट्स स्टैंडर्ड्स के अनुसार रखा जाएगा।
Mehul Choksi (FILE PHOTO)
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के 14,000 करोड़ के बड़े घोटाले के आरोपी और हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। चोकसी, जो अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ मिलकर इस बड़े घोटाले को अंजाम देने के बाद साल 2018 में देश से भाग गए थे, उन्हें अब बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारत सरकार ने उन्हें वापस लाने के लिए बेल्जियम की अदालत को पूरी डिटेल दी है कि अगर चोकसी को भारत लाया जाता है, तो उन्हें मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा, लेकिन ये कोई आम जेल नहीं होगी।
आर्थर रोड जेल में शाही इंतजाम
बेल्जियम की कोर्ट को भारत ने बताया है कि, चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल के बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा, जहाँ उन्हें किसी 5-स्टार होटल से कम सुविधाएं नहीं मिलेंगी। सूत्रों के अनुसार, यह बैरक 20x15 फुट का है और इसमें बाकी कैदियों से अलग रखा जाएगा। यहाँ सिर्फ चोकसी के साथ एक और आर्थिक अपराधी रहेगा, ताकि वे अकेले न रहें और बातचीत कर सकें। इससे सुरक्षा और निजता दोनों बनी रहेगी।
बैरक में 3 सीलिंग फैन, 6 ट्यूबलाइट, एक अटैच टॉयलेट और मच्छर से बचने के लिए जाली (वायर मेश) भी होगी। चोकसी की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी और जेल स्टाफ भी हमेशा मौजूद रहेगा। उन्हें सोने के लिए कॉटन का गद्दा, चादर, कंबल और तकिया दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोर्ट के आदेश पर बिस्तर भी मिल सकता है।
सेहत और खाना-पीना का खास ख्याल
चोकसी की उम्र और सेहत को देखते हुए, भारत सरकार ने उनकी मेडिकल और डाइट को लेकर भी पूरा प्लान दिया है। उन्हें दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन मिलेगा। कोर्ट की अनुमति मिलने पर बाहर का बना होम-कुक्ड फूड भी दिया जा सकता है। इसके अलावा, जेल की कैंटीन से फल और स्नैक्स खरीदने की सुविधा भी होगी। इसके आलावा जेल में 24 घंटे मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। आपातकालीन स्थिति में उन्हें तुरंत मुंबई के JJ अस्पताल ले जाया जाएगा।
मनोरंजन और पढ़ाई की भी व्यवस्था
जेल में चोकसी को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए भी कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। उन्हें रोजाना कम से कम एक घंटा 15x40 फुट के खुले आँगन (यार्ड) में रहने दिया जाएगा। जहाँ वे व्यायाम, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम और योग जैसी गतिविधियाँ कर सकेंगे। पढ़ने और दिमाग को तरोताजा रखने के लिए उन्हें जेल की लाइब्रेरी तक पहुँच दी जाएगी।
भारत ने बेल्जियम की कोर्ट को यह भरोसा दिलाया है कि, चोकसी के साथ मानवाधिकारों (ह्यूमन राइट्स) के अनुसार व्यवहार किया जाएगा। विदेशी अदालतों ने पहले भी भारतीय जेलों की खराब स्थिति का हवाला देकर प्रत्यर्पण (Extradition) की कई याचिकाएं खारिज की हैं, इसीलिए इस बार भारत सरकार कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती।