ये क्या हुआ: भाजपा के पुरखे डॉ श्यामाप्रसाद को विधानसभा में महंत ने किया नमन.. नेता प्रतिपक्ष कौशिक समेत सारे भाजपा विधायक नदारद!
रायपुर,6 जुलाई 2021। भाजपा के पितृ पुरुष, भाजपा की जो मूल विचाराधारा है उसके जनक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जयंती के अवसर पर विधानसभा में परंपराओं के अनुरुप पुष्प अर्पित कर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने श्रद्धांजलि दी।लेकिन अपने ही पुरखे को नमन करने के इस कार्यक्रम में भाजपा की ओर से कोई उपस्थित नहीं था।
विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद कहा
“वे बहुत बड़े शिक्षाविद थे, बंगाल प्रांत के वित्तमंत्री थे,आदरणीय नेहरु जी के साथ कैबिनेट मंत्री के रुप में उन्होंने कार्य किया..आज पूरा देश उनको नमन करता है.. विधानसभा छत्तीसगढ़ की ओर से आज हम सब उनको नमन करने के लिए उपस्थित हुए हैं”
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कार्यालय से इस संबंध में जानकारी दी गई है कि, कार्यक्रम की सूचना विधानसभा से आई थी लेकिन नेता प्रतिपक्ष अपने क्षेत्र में है, और वहीं पर डॉ श्यामा प्रसाद जयंती कार्यक्रम भी आयोजित है, वे वहाँ शामिल होंगे।
विधानसभा सचिवालय की ओर से बताया गया है कि सभी माननीय सदस्यों को सूचना भेजी गई थी, केंद्रीय कक्ष में जिनके भी तैल चित्र हैं उनकी जयंती पर नियमित कार्यक्रम होता है।
भाजपा की ओर से विधानसभा में किसी भी विधायक का अपने दल के पुरखे के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मौजुद ना होना चर्चा का विषय बना रहा।