छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन की खबर पर क्या बोले गृह सचिव सुब्रत साहू पढ़िए इस खबर को…

Update: 2021-03-22 11:37 GMT

रायपुर, 22 मार्च 2021। छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन को लेकर आज दिन भर खबरें वायरल होती रहीं और लोग इसकी पुष्टि के लिए एक-दूसरे को फोन खड़खड़ाते रहे।
जबकि, खुद मुख्यमंत्री ने मीडिया में कई दफा बयान दिया है कि फिलहाल प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगने जा रहा है। वरिष्ठ मंत्री रविंद्र चौबे ने भी समीक्षा बैठक के बाद दो टूक कहा कि प्रदेश में ना तो अभी नाईट कर्फ्यू और ना ही लॉकडाउन लगने जा रहा है। बावजूद प्रदेश में कोरोना की वजह से लॉकडाउन की खबरें सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है। कमाल की बात तो ये है कि कई लोग बिना सच्चाई जाने समझे लॉकडाउन के नफा-नुकसान और फैसले के सही-गलत को लेकर पोस्टमार्टम भी करने में जुट गये हैं।

क्या है इस खबर का वायरल सच

एक टीवी चैनल के स्क्रीन शॉट को वायरल कर दावा किया गया कि प्रदेश 31 मार्च तक लॉकडाउन लगाया जा रहा है। वीडियो क्लिप के साथ स्क्रीन शॉट भी धड़ल्ले शेयर किया गया। लॉकडाउन के वीडियो के अलावे स्कूलों में बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों की छुट्टी की भी पुरानी खबरों को खूब वायरल किया गया। इन दो खबरों को लेकर हमने जब वायरल सच की पड़ताल की तो दोनों वायरल खबरें सिरे से गलत निकली। लॉकडाउन के दावे के साथ वायरल हुई टीवी चैनल की खबर तो पिछले साल के मार्च की निकली, जिसे एक साल बाद 2021 के मार्च महीना का बताकर 31 मार्च तक लॉकडाउन का दावा कर दिया गया। उसी तरह एक वेब पोर्टल की पिछले साल की खबर को वायरल कर ये दावा कर दिया गया कि प्रदेश में सिर्फ स्कूल में बच्चों की नहीं शिक्षकों की भी छुट्टी होगी। कमाल की बात ये है कि इस पुरानी खबर में डीपीआई के अधिकृत बयान होने का भी दावा कर दिया गया।

लॉकडाउन की वायरल खबर पर क्या बोले वायरल खबर जिम्मेदार

लॉकडाउन को लेकर हमने जब एसीएस होम सुब्रत साहू से बात की तो उन्होंने साफ कहा कि लॉकडाउन को लेकर किसी भी तरह के फैसले से साफ इंकार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना के मरीज बढ़े जरूर है, लेकिन लॉकडाउन की स्थिति नहीं है। प्रदेश में लोगों को कोरोना गाइडलाइन के पालन की अपील की जा रही है। सिर्फ अभी स्कूल, कालेज व शैक्षणिक गतिविधियों पर ही रोक लगायी गयी है। कोरोना की वजह से लॉकडाउन की अभी कोई योजना नहीं है।

स्कूल में शिक्षकों की छुट्टी पर क्या बोले जिम्मेदार

हमने स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भ्रम पर जब डीपीआई जितेंद्र शुक्ला से बात की तो उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिर्फ बच्चों की छुट्टी के आदेश दिये गये हैं। शिक्षक पूर्व की भांति स्कूल आयेंगे। देर शाम डीपीआई ने इस बाबत सभी डीईओ को एक कड़ा पत्र भी भेजा है, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को पूर्व निर्धारित वक्त के अनुरूप शत प्रतिशत उपस्थिति देनी है।

Tags:    

Similar News