Virat Kohli Anushka Sharma : वीआईपी प्रोटोकॉल छोड़ आम भक्तों के बीच ज़मीन पर बैठे विराट-अनुष्का, संत प्रेमानंद का सुना सत्संग
Virat Kohli Anushka Sharma : टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और पत्नी अनुष्का शर्मा ने वृंदावन में सादगी की मिसाल पेश की. बिना किसी खास सुरक्षा या वीआईपी इंतजाम के, यह जोड़ा हजारों आम श्रद्धालुओं के बीच जमीन पर बैठकर संत प्रेमानंद महाराज का सत्संग सुनते नजर आए. इस दौरान दोनों भक्ति में लीन दिखे और संत के वचनों को शांति से सुना.
Virat Kohli Anushka Sharma : वीआईपी प्रोटोकॉल छोड़ आम भक्तों के बीच ज़मीन पर बैठे विराट-अनुष्का, संत प्रेमानंद का सुना सत्संग
Virat Kohli Anushka Sharma Vrindavan Visit : मथुरा : टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपनी सादगी के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. आज मंगलवार को एक बार फिर वृंदावन में उनका यह अनोखा रूप देखने को मिला. आध्यात्मिक यात्रा पर पहुंचे इस पॉवर कपल ने किसी बड़े वीआईपी प्रोटोकॉल या सुरक्षा के बजाय, हजारों आम भक्तों के बीच बैठकर संत प्रेमानंद महाराज का सत्संग सुना.
आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर सुनी कथा
अक्सर देखा जाता है कि बड़े सितारे भीड़-भाड़ से बचने के लिए अलग से मुलाकात करते हैं, लेकिन इस बार विराट और अनुष्का ने कुछ अलग किया. वे चुपचाप प्रवचन स्थल पहुंचे और जमीन पर बैठकर साधारण भक्तों की तरह संत के वचनों का आनंद लिया. जानकारी के मुताबिक, इस दौरे की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी पहले से नहीं दी गई थी, ताकि अनावश्यक भीड़ न जुटे और व्यवस्था बनी रहे. हालांकि, जब लोगों की नजर उन पर पड़ी, तो उनकी सादगी देख हर कोई हैरान हो रहे थे.
संत प्रेमानंद ने समझाया दीक्षा और शरणागति का अर्थ
सत्संग के दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने अध्यात्म के गहरे रहस्यों पर बात की. उन्होंने विशेष रूप से दीक्षा और शरणागति के बीच का अंतर समझाया. विराट और अनुष्का पूरे समय हाथ जोड़कर और ध्यान लगाकर प्रवचन सुनते नजर आए. इस दौरान उनके चेहरे पर शांति और भक्ति का भाव साफ दिख रहा था.
वृंदावन से है लगाव
विराट और अनुष्का पिछले कुछ समय से लगातार वृंदावन और मथुरा आ रहे हैं. वे कई बार संत प्रेमानंद महाराज से एकांत में आशीर्वाद लेने पहुंच चुके हैं. सोशल मीडिया पर उनके सादगी भरे वीडियो और फोटो अक्सर वायरल होते रहते हैं. लोगों का कहना है कि दुनिया की तमाम चमक-धमक और कामयाबी के बाद भी भगवान के दरबार में उनका यह सरल अंदाज युवाओं के लिए एक प्रेरणा है.
इससे पहले उज्जैन दर्शन पर गए थे विराट-अनुष्का
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा कुछ समय पहले बाबा महाकाल के दर्शन करने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे थे. इस स्टार कपल ने सुबह होने वाली भस्म आरती में हिस्सा लिया और करीब डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की थी. पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए विराट और अनुष्का ने आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगकर दर्शन किए और मंदिर के नियमों का पूरी तरह पालन किया था.
आरती के बाद दोनों ने गर्भगृह में जाकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान विराट के गले में रुद्राक्ष की माला और माथे पर त्रिपुंड लगा हुआ था, वहीं अनुष्का भी पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबी नजर आईं थी. दर्शन के बाद विराट ने मीडिया से बातचीत में सिर्फ इतना कहा कि बाबा के दरबार में आकर उन्हें असीम शांति मिली है.