UP News: रील के के चक्कर में गई महिला की जान, फांसी का सीन कर रही थी शूट, 4 साल की बेटी ने मां को झूलते देखा
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 27 वर्षीय महिला की फांसी के दृश्य फिल्माते समय मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह घटना शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे की वजह से हुई।
बांदा 7 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां 27 वर्षीय महिला की फांसी के दृश्य फिल्माते समय मौत हो गई।शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह घटना शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे की वजह से हुई।
मृतका की पहचान मोहिनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी। इसके लिए उसने अपने गले में फांसी का फंदा लगाया हुआ था और शूटिंग के दौरान एक स्टूल पर खड़ी थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या स्टूल के फिसलने से फंदा उसके गले में कस गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार साल की बेटी ने देखा मां को फंदे से लटका
घटना का खुलासा तब हुआ जब मोहिनी की चार साल की बेटी कमरे में पहुंची। बच्ची ने अपनी मां को फांसी के फंदे से झूलते देखा तो जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस ने जताई दुर्घटना की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय इस तरह के खतरनाक प्रयोगों से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।