UPSC टॉपर प्रदीप चौथी बार में बने IAS ……. 2 बार तो प्रिलिम्स भी नहीं कर पाये थे पास, तीसरी बार में मिली थी 260वीं रैंक….. किसान के बेटे का देश में कमाल… पढ़िये इस टॉपर की कहानी
नयी दिल्ली 4 अगस्त 2020। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2019 का फाइनल रिजल्ट आज जारी कर दिया है। कुल 829 उम्मीदवारों ने एग्जाम क्वालिफाई किया है। क्वालिफाइड कैंडिडेट्स में से 304 उम्मीदवार जनरल कैटेगरी से, 78 ईडब्ल्यूएस, 251 ओबीसी, 129 एससी और 67 एसटी कैटेगरी से हैं। जारी रिजल्ट के अनुसार, प्रदीप सिंह (रोल नंबर – 6303184) इस वर्ष टॉपर बने हैं। AIR-1 प्रदीप सिंह हरियाणा के हैं। इसके बाद जतिन किशोर और प्रतिभा वर्मा दूसरे और तीसरे टॉपर हैं।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस परीक्षा में जिले के गांव तेवड़ी निवासी प्रदीप सिंह देशभर में अव्वल रहे। किसान परिवार से संबंध रखने वाले प्रदीप का यह चौथा प्रयास था। पहले दो बार वे पीटी भी क्लियर नहीं कर पाये थे, जबकि पिछले वर्ष उनका रैंक 260वां था। प्रदीप की पहली पसंद हरियाणा है और वे अपने ही प्रदेश में रहकर लोगों की सेवा करना चाहते हैं। वे फिलहाल ओमेक्स सिटी के बी ब्लॉक में रहते हैं।
प्रदीप ने बताया कि वे इनकम टैक्स में इंस्पेक्टर थे। 10वीं या 12वीं के दौरान कभी भी इस दिशा में नहीं सोचा था। वर्ष 2015 में नौकरी के दौरान दोस्तों और पिता ने आगे की तैयारी के लिए प्रेरित किया। नौकरी के साथ तैयारी करना काफी कठिन था, लेकिन उन्होंने इसके लिए टाइम मैनेजमेंट की। दिल्ली इनकम टैक्स ऑफिस में डेस्क पर नौकरी थी। सुबह 9 से 6 बजे तक की नौकरी के बीच भी डेस्क का काम जल्दी निपटाकर बचे हुए समय में यहां भी पढ़ाई कर लेता। लंच के समय जल्दी लंच कर कुछ देर पढ़ाई कर लिया करता था।