वार्ड पोलिसिंग सिस्टम का अनूठा प्रयोगः छत्तीसगढ़ के इस शहर के वार्डो के लिए एसपी ने बनाया सिपाही और हवलदार को वार्ड अधिकारी, वार्ड के लोगों का व्हाट्सएप ग्रुप भी, ताकि सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई हो सके, एसपी बोले….
आनंद प्रताप मिश्रा
बिलासपुर, 22 सितंबर 2021। बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए बिलासपुर पुलिस वार्ड पोलिसिंग सिस्टम लागू करने जा रही है। इसके तहत हर वार्ड में सिपाही या हवलदार को वार्ड अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिलासपुर में 70 वार्ड हैं। इसके लिए 70 वार्ड अधिकारी अपाइंट किए गए हैं। कप्तान दीपक झा कल इन वार्ड अधिकारियों की पहली बैठक लेकर उन्हें बताएंगे कि किस तरह इस सिस्टम पर काम करना है। वार्ड अधिकारी वार्ड में होने वाली हर छोटी बड़ी घटनाओं पर नजर रखेंगे और अपराध की सूचनाओं पर अधिकारियो को जानकारी दे कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करवाएंगे।
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए यह अनूठा प्रयोग करने जा रहे हैं। जिसके तहत नगर निगम सिमा क्षेत्र के 70 वार्डो में 70 सिपाही या हवलदारों को वार्ड अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया हैं, जिनका काम अपने अपने वार्डो में घूम कर सूचनाओं का संकलन करना, नशे का कारोबार करने वालो के बारे में पता करना, बाहर से आये लोगो की जानकारी रखना, जमानत पर छुटे आरोपियो पर नजर रखना, किरायेदारों की जानकारी रखना, मोहल्ले में रहने वाले बदमाशों की जानकारी रखना है।
हर वार्ड में बनेगा व्हाट्सप ग्रुप, बड़े वार्डो में दो पुलिसकर्मियों की तैनाती
दीपक झा ने बताया कि हर वार्ड में एक व्हाट्सप ग्रुप बनाये जाएंगे जिसमे वार्ड के प्रतिष्ठित नागरिकों युवाओ व बुजुर्गों के अलावा समाज सेवियों व पत्रकारों को भी जोड़ा जाएगा, जिनके माध्यम से ग्रुप में सूचना का आदान प्रदान किया जा सकेगा। और यदि वार्ड अधिकारी का अन्यत्र तबादला हो जाये तो उसकी जगह आने वाला पुलिसकर्मी ग्रुप में शामिल हो जाएंगे। इस तरह सूचनाओं का आदान प्रदान हो सकेगा।
एक माह तक वार्ड अधिकारी घूमेंगे वार्डो में
दीपक ने बताया कि लोगो से जुड़ने व नागरिकों को पुलिस से जोड़ने के लिए पुलिसकर्मी लगभग एक माह तक वार्डों में घूम-घूम कर वार्ड के लोगो से सूचनाएं एकत्र करेंगे व वार्ड के बारे में जानकर लोगों को पुलिसिंग से जोड़ेंगे। पुलिसकर्मी लोगो से जुड़ जाएंगे व व्हाट्सप्प ग्रुप में भी एड हो जाएंगे, उसके बाद वार्ड अधिकारी अपना अधिकतर समय थानों में बिता सकेंगे, और उन्हें लोगो से ही सूचनाएं प्राप्त हो सकेंगी।
एसपी देंगे टिप्स, हर 15 दिन में होगा सुपरविजन
वार्ड अधिकारियों को बेसिक पुलिसिंग से सम्बंधित टिप्स व अपराधों की रोकथाम व नियंत्रण से सम्बंधित टिप्स देने के लिए कप्तान दीपक झा खुद वार्ड अधिकारी के रूप में नियुक्त पुलिसकर्मियों की बैठक लेंगे और उन्हें दिशा निर्देश दे कर मोटिवेट भी करेंगे। इसके अलावा हर 15 दिन में वार्ड अधिकारीयो के कामो की समीक्षा थाना प्रभारी करेंगे।
“बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने व अपराध नियंत्रण के लिए जरूरी सूचनाएं एकत्र करने के लिए पुरानी बिट सिस्टम को अपग्रेड कर के वार्ड अधिकारी का कांसेप्ट लाया जा रहा है, जिसके तहत हर वार्ड में एक पुलिसकर्मी वार्ड अधिकारी के रूप में नियुक्त होगा, जो मोहल्ले के गणमान्य नागरिकों, बुजुर्गों, पत्रकारों से प्रत्यक्ष तौर पर व सोशल मीडिया के सहारे सम्पर्क में रहेंगे व वार्डो की गतिविधियों की जानकारी जुटा अपराध नियंत्रण में सहयोग जुटाएंगे।
दीपक झा
एसपी बिलासपुर