राजधानी के डॉक्टर को युवती ने किया ब्लैकमेल, बोली- पांच लाख दे नहीं तो करवा दूंगी मर्डर
रायपुर 13 अगस्त 2021। राजधानी के एक डाॅक्टर ने बैकुंठपुर की रहने वाली युवती पर ब्लैकमेलिंग कर पांच लाख रूपए मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित डाॅक्टर की शिकायत के बाद सिविल लाईन थाने में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन निवासी पीड़ित डाॅक्टर का नाम शम्भूनाथ बैनर्जी है। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, बैकुंठपुर मनेंद्रगढ़ के खोगापानी निवासी कु, निखत परवीन जो की परिचित है, उसके माता पिता को डाॅक्टर ने व्यवसाय के लिए रूपये उधार दिये थे। रूपये देने के कुछ दिन बाद ही निखत परवीन के द्वारा फोन कर डाॅक्टर को जान से मारने और झूठे केस में फसा देने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। इस बात से परेशान डाॅक्टर ने निखत के परिजनों से इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद युवती ने माफी मांगकर मामले को सुलझा लिया था। इसके बाद फिर से युवती ने 30 जुलाई को फोन कर पांच लाख रूपए की डॉक्टर से मांग की। पैसे नहीं देने पर युवती ने हत्या करवाने और झूठे केस में फसा देने की धमकी डॉक्टर को दी।
युवती के द्वारा बार-बार ब्लेकमेल करने से परेशान डाॅक्टर ने इसकी शिकायत सिविल लाईन थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर युवती के खिलाफ 384 के तहत मामला दर्ज कर युवती की तलाश में जुट गयी है।