कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर एक्शन में आया विभाग…. जल्द ही घर लौटेंगे जम्मू-कश्मीर में बंधक बने मजदूर

Update: 2021-06-13 10:28 GMT

जांजगीर 13 जून 2021। कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला की पहल पर अब बंधक बने मजदूर घर लौट सकेंगे। सूचना है कि अनंतनाग जिला प्रशासन इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए ईट भट्टा से मजदूरों को छुड़ाकर वापस छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी कर रहा है। दरअसल कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला को सोशल मीडिया के जरिये जम्मू-कश्मीर में जांजगीर के कुछ मजदूरों के बंधक बनने की सूचना मिली थी। इस खबर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने अफसरों को उन्हें सकुशल वापस लाने की कोशिश करने का निर्देश दिया। कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल विभाग एक्शन में आया और अब खबर ये आ रही है कि जल्द ही मजदूर अपने घर सक्ती वापस लौट रहे हैं। 65 मजदूर जल्द ही ट्रेन के जरिये घर लौट आयेंगे।

जांजगीर जिले के कुछ मजदूर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मजदूरी करने गये थे। ईट भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों को पिछले कुछ दिनों से भट्ठा मालिकों ने बंधक बना लिया था। मजदूरों ने जिला प्रशासन से गुहार लगायी थी कि उन्हें छुड़ाया जाये। जिसके बाद कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला तक ये गुहार पहुंची और फिर जिला प्रशासन एक्शन में आया। अनंतनाग जिला प्रशासन से संपर्क करने के बाद मजदूरों को भट्ठे से छुड़ा लिया गया है अब वो जल्द ही ट्रेन के लिए जांजगीर लौट आयेंगे। जानकारी के मुताबिक जैजैपुर और सक्ती के करीब 250 से ज्यादा मजदूर अनंतनाग के ईट भट्ठे में मजदूरी कर रहे थे। उनमें कई मजदूरों ने घर लौटने की इच्छा जतायी थी, लेकिन उन्हें बंधक बना लिया गया था। हालांकि उनमें से 65 मजदूर ही फिलहाल लौट रहे हैं, बाकी मजदूरों ने वहीं रहने की इच्छा जतायी है।

 

 

Tags:    

Similar News