200+ देशों में Google Search Live फीचर हुआ लॉन्च, अब बोलकर और कैमरा दिखाकर मिलेगी हर जानकारी

Google Search Live Feature Expands Globally: गूगल ने 200+ देशों में Search Live फीचर ग्लोबली लॉन्च किया है। अब Gemini 3.1 Flash AI की मदद से आप बोलकर और कैमरा दिखाकर Google से सीधे बात कर सकेंगे।

Update: 2026-03-26 15:48 GMT

Image Source: blog.google

Google Search Live Feature Expands Globally: गूगल ने अपने यूजर्स के लिए सर्च करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। कंपनी ने 'Search Live' फीचर को अब ग्लोबली लॉन्च कर दिया है। इसका मतलब है कि अब आप सिर्फ टाइप करके ही नहीं, बल्कि गूगल से सीधे बात करके या उसे कोई चीज दिखाकर भी जानकारी मांग सकते हैं। गूगल की प्रोडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर Liza Ma ने कंपनी के ऑफिशियल ब्लॉग (blog.google) पर इस बड़े अपडेट की जानकारी दी है।

200 से ज्यादा देशों में बदला सर्च का अंदाज

दरअसल, यह नया फीचर उन सभी 200 से ज्यादा देशों और इलाकों में उपलब्ध करा दिया गया है, जहां गूगल का 'AI Mode' काम करता है। अब भारत समेत दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स इसका फायदा उठा सकेंगे। खास बात यह है कि गूगल ने इसे सिर्फ अंग्रेजी तक सीमित नहीं रखा है। अब यह फीचर कई स्थानीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिससे लोग अपनी मातृभाषा में गूगल से सवाल-जवाब कर पाएंगे।

Gemini 3.1 Flash Live का कमाल

इस पूरी सर्विस के पीछे गूगल का लेटेस्ट ऑडियो और वॉइस मॉडल Gemini 3.1 Flash Live काम कर रहा है। यही वजह है कि जब आप गूगल से बात करते हैं, तो वह मशीन की तरह नहीं बल्कि किसी इंसान की तरह जवाब देता है। यह नया मॉडल काफी फास्ट है और आपकी बात को तुरंत समझकर रीयल-टाइम में रिस्पॉन्स देता है। अब सर्च करना सिर्फ कीवर्ड्स का खेल नहीं रह गया है, बल्कि यह एक पर्सनल बातचीत जैसा अनुभव होगा।

कैसे काम करेगा सर्च लाइव?

इसे इस्तेमाल करना बहुत सरल है। बस अपने फोन (Android या iOS) पर गूगल ऐप खोलें और सर्च बार के नीचे दिए गए 'Live' आइकन पर क्लिक करें। इसके बाद आप अपना सवाल बोल सकते हैं। गूगल न सिर्फ आपको बोलकर जवाब देगा, बल्कि आप उससे फॉलो-अप सवाल भी पूछ सकते हैं। अगर आपको किसी विषय पर ज्यादा जानकारी चाहिए, तो स्क्रीन पर उससे जुड़े जरूरी वेब लिंक्स भी दिखाई देंगे।

कैमरे से मिलेगी हर मुश्किल का हल

इस अपडेट का सबसे बड़ा फायदा विजुअल सर्च में मिलेगा। मान लीजिए आप घर में कोई नया फर्नीचर फिट कर रहे हैं और आपको समझ नहीं आ रहा कि शुरुआत कहां से करें। ऐसे में आप अपना कैमरा ऑन करके गूगल को वह सामान दिखा सकते हैं। गूगल का एआई सिस्टम उसे देखकर आपको स्टेप-बाय-स्टेप गाइड करेगा। यही नहीं, गूगल लेंस का इस्तेमाल करते वक्त भी आप नीचे दिए गए 'Live' ऑप्शन पर जाकर रीयल-टाइम में बातचीत शुरू कर सकते हैं।

गूगल का यह कदम उन लोगों के लिए बेहद मददगार साबित होने वाला है जो टाइपिंग के झंझट से बचना चाहते हैं। फिलहाल यह अपडेट धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंच रहा है और आने वाले कुछ दिनों में यह आपके स्मार्टफोन पर पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा। अब देखना यह होगा कि आम यूजर्स की रोज की जिंदगी में यह एआई आधारित सर्च कितनी बड़ी जगह बना पाता है।

Tags:    

Similar News