भारत-न्यूजीलैंड टी-20 क्रिकेट मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू, खरीदने काउंटर तक पहुंचने लगे लोग....
रांची 15 नवंबर 2021 I जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 19 नवंबर को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 क्रिकेट मैच के टिकटों की बिक्री आज सोमवार से काउंटरों पर शुरू हो गयी. सुबह 10 बजे से एक बजे और दो बजे से पांच बजे तक दर्शक टिकट खरीद सकेंगे. एक व्यक्ति को अधिकतम तीन टिकट ही मिल पायेंगे. भारत-न्यूजीलैंड टी-20 क्रिकेट मैच के लिए टिकटों की बिक्री 15, 16 और 17 नवंबर को किया जायेगा. जेएससीए सचिव संजय सहाय का कहना है कि हमनें 100 प्रतिशत दर्शकों के लिए सरकार से अनुमति मांगी थी, लेकिन इस संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है. इसलिए अभी केवल 50 प्रतिशत लोग ही मैच देख पायेंगे.
दो दिनों से हो रही बारिश के कारण पूरे ग्राउंड को कवर कर दिया गया है. पिच बनाने का काम दो दिन पहले तक हुआ था. मौसम ठीक होने पर फिर से पिच बनाने का काम शुरू किया जायेगा. सचिव संजय सहाय ने बताया कि मैच की तैयारी चल रही है. इसके लिये सभी इंतजाम किये गये हैं. वहीं सरकार के कोविड नियम का पालन करते हुए लोगों को 19 नवंबर को प्रवेश दिया जायेगा. इसमें कोई कोताही नहीं बरती जायेगी झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में टिकटों का दर तय की गई थी। सबसे कम मूल्य का टिकट का दर 900 रुपये तथा सबसे अधिक 9000 है। इस बार टिकट का मूल्य 900, 1200, 1400,1700, 1800, 4000, 5000, 5500 और 9000 तय किया गया है। बैठक में निर्णय लिया गया था कि स्टेडियम में कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले या 15 नवंबर के बाद का आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट लाने वाले को ही स्टेडियम में एंट्री दी जाएगी।