SI की मौत : कोरोना संदिग्ध सब इंस्पेक्टर ने तोड़ा दम… ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत… बेटे में कोरोना संक्रमण की हुई पुष्टि
खंडवा 24 मई 2020। कोरोना संदिग्ध एक SI की आज मौत हो गयी। कोरोना वारियर्स सब इंस्पेक्टर का 18 मई को सैंपल लिया गया था, लेकिन उनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आयी है, जबकि सब इंस्पेक्टर के बेटे की रिपोर्ट पॉजेटिव आयी है। खंडवा के RPF थाने में पदस्थ एसआई रमापति पांडेय की 13 मई को अचानक तबीयत बिगड़ गयी थी। वहीं उनके बेटे में भी कोरोना के लक्षण मिलने पर उनका भी सैंपल लिया गया था। 18 मई को दोनों के सैंपल लिये गये थे। रमापति पाण्डे 13 मई तक ड्यूटी पर ही थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए छुट्टी दी गई थी। उनके बेटे की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है, इससे उनके भी संक्रमित होने की आशंका है।
हालांकि सैंपल की टेस्टिंग में बेटे की रिपोर्ट पॉजेटिव आ गयी थी, वहीं एसआई के सैंपल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। इसी बीच उनकी आज इलाज के दौरान मौत हो गयी। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर पाण्डे को कल जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनका ऑक्सीजन सेचुरेशन मात्र 40 था जो बहुत कम था।
ऑक्सीजन देने के बाद यह बढ़कर 80 जरूर हुआ लेकिन उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें इंदौर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉ शर्मा ने बताया कि उन्हें कोरोना संक्रमण के प्राथमिक लक्षण थे, उनकी और उनके बेटे का कोरोना सैंपल 18 मई को लिया गया था, जिसमें बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई लेकिन उनकी रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है।