सिंहदेव लौटे रायपुर, ढाई-ढाई साल पर बोले, मैंने हाईकमान के समक्ष अपनी बात रख दी है, फैसला हाईकमान पर निर्भर, कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी पूरी
रायपुर 28 अगस्त 2021। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव रायपुर लौट आये हैं। राहुल गांधी से मुलाकात और फिर तीन दिनों तक उनकी दिल्ली में मौजूदगी के बाद देर शाम सिंहदेव रायपुर पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी कामों की प्राथमिकता और राजनीतिक हालातों को लेकर चर्चा की।
सिंहदेव ने कहा कि
दिल्ली में उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान पूरी बातें कह दी है। अब मैं रायपुर लौट आया हूं, काम करना है, कोरोना की तीसरी लहर है, उसकी तैयारी में जुटना है, कल स्वास्थ्य विभाग की बैठक होगी, पंचायत विभाग की बैठक होगी, फिर सीईओ की बैठक भी मैंने बुलायी है, जीएसटी और 20 सूत्री कार्यक्रमों की भी बैठक है, तो काम करना है और हाईकमान के फैसले का इंतजार करना है।
दिल्ली में हुई राजनीतिक मुलाकातों को लेकर सिंहदेव ने कहा कि …
“हाईकमान से चर्चा हो गयी है, निर्णय अंतिम हाईकमान के पास सुरक्षित है, कुछ बातें रहती है, जिनके लिए समय लगता है।
सिंहदेव ने विधायकों के दिल्ली दौरे को लेकर कहा कि …
“हमको लगता है विधायकों में कौतूहल होगा, देखें दिल्ली में क्या हो रहा है, बाबा इतने दिनों से दिल्ली में हैं, तो विधायक चले गये, ये बात सही है कि किसी को वहां बुलाया नहीं गया था, लेकिन लोग गये, तो लोग स्वतंत्र है, पूरा देश स्वतंत्र है, हमको लगता है कि कल जो विधायक दिल्ली गये हैं, उन सब बातों पर भी आलाकमान ने संज्ञान लिया होगा।