BJP को झटकाः मंत्री ने विधायक बेटे संग थामा कांग्रेस का हाथ, 6 बार के विधायक और वर्तमान में हैं परिवहन मंत्री
देहरादून 11 अक्टूबर 2021। उत्तराखंड विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य और उनके विधायक बेटे संजीव आर्य आज दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस की सदस्यता लेकर दोनों नेताओं ने घर वापसी कर ली है। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 से पहले भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। दोनों नेताओं ने पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित राष्ट्रीय महामंत्री-संगठन केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला की मौजदूगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया।
दरअसल, यशपाल आर्य फिलहाल उत्तराखंड सरकार में मंत्री हैं और उनके पास 6 विभाग हैं- परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन और आबकारी विभाग. जबकि संजीव आर्य उनके बेटे हैं. यशपाल आर्य बाजपुर और उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल सीट से विधायक है. चूंकि दोनों ने 2017 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामा था. जिसके बाद बीजेपी ने दोनों को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी बनाया था.पिता और बेटे ने बीजेपी पार्टी से जीत भी दर्ज की थी. इसके बाद बीजेपी सरकार ने यशपाल आर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया. हालांकि विधानसभा चुनाव-2022 से पहले ही एक बार फिर यशपाल और संजीव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है.
आपको बता दें कि इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस में सेंध लगाई थी। विगत दिनों पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का दामन लिया था। राजकुमार 2007 में सहसपुर सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। 2012 में निर्दलीय चुनाव लड़े लेकिन उनको हार का मुंह देखना पड़ा था। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मालचंद ने राजकुमार को हराया था और वह दूसरे नंबर पर रहे थे। लेकि, 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में राजकुमार कांग्रेस के टिकट पर पुरोला सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
इससे पहले उक्रांद नेता व धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उत्तराखंड में एक निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल हो गए। टिहरी जिले की विधानसभा धनोल्टी से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार बुधवार को दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया। 2017 में उत्तराखंड में हुए विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे प्रीतम सिंह पंवार ने बाजी मारी थी। लेकिन अब चुनाव से पहले वो फिर भाजपा में शामिल हो गए हैं।