शाहरुख के बेटे आर्यन को नहीं मिली जमानत: 7 अक्टूबर तक NCB की कस्टडी में, काम नहीं आईं दलीलें

Update: 2021-10-04 07:11 GMT

मुंबई 4 अक्टूबर 2021. ड्रग्स और रेव पार्टी मामले में गिरफ्तार किए गए शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) समेत तीन लोगों को सोमवार को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने सुनवाई के बाद तीनों आरोपियों को 7 अक्टूबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की हिरासत में भेज दिया.

सुनवाई के दौरान NCB ने बताया कि उन्हें आर्यन के मोबाइल से हैरान करने वाले फोटो मिले हैं. फोटो से कई चौकाने वाली जानकारियां भी सामने आई हैं. इसी के चलते NCB ने ड्रग्स रैकेट की जांच के लिए आर्यन की कस्टडी को जरूरी बताया है. NCB ने बताया कि क्रूज पार्टी का अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट से संबंध है. इसके साथ बताया गया कि ड्रग्स लेने के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था. जिसे देख कर सरकारी वकील ने सभी आरोपियों की 11 अक्टूबर तक कस्टडी की मांग की थी. हालांकि कोर्ट ने NCB को सिर्फ 7 अक्टूबर की रिमांड दी है.

वहीं सुनवाई के दौरान आर्यन खान के वकील सतीश मानेशिंदे ने खान का बचाव करते हुए कहा कि तलाशी के वक्त आर्यन के पास से कोई भी प्रतिबंधित सामग्री नही मिली है. उन्हें गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था. उनके पास बोर्डिंग पास भी नहीं था. एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आर.ए नर्लीकर ने मामले की सुनवाई की. इस दौरान NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े भी कोर्ट में मौजूद रहे.

एक लिखित बयान में आर्यन खान ने अपनी गिरफ्तारी को स्वीकार करते हुए लिखा, “मैं अपनी गिरफ्तारी की वजहों को समझता हूं और अपने परिवार के सदस्यों को मैंने इसकी जानकारी दे दी है.’ एनसीबी ने आर्यन, अरबाज मर्चेंट समेत केस के अन्य आरोप‍ियों का फोन जब्त कर सारे व्हाट्सऐप मैसेज खंगाले थे. एनसीबी की जांच के मुताबिक आर्यन कई ड्रग पेडलर और ड्रग्स सप्लायर के टच में थे. उस सबूत के आधार पर ही एनसीबी ने दोनों आर्यन और अरबाज को आमने-सामने बैठाया और जमकर सवाल-जवाब किए थे.

शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को एनसीबी के मुंबई दफ्तर के जोनल अधिकरी विश्व विजय सिंह ने गिरफ्तार किया था. आर्यन खान पर एनडीपीसी एक्ट 1985 की धारा 8 सी, 20 बी, 27 35 आदि लगाई गई हैं. उनपर ड्रग्स का सेवन करने सहित उसे खरीदने और बेचने का आरोप लगा था और इसीलिए उनकी गिरफ्तारी हुई है. हालांकि बाद में बताया गया कि उनपर सिर्फ ड्रग्स के सेवन का आरोप है. रिपोर्ट के मुताबिक, आर्यन को इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल, ग्रीन डेट मुंबई से एनसीबी ने हिरासत में लिया था.

Similar News