पुलिस पर बंदूक तानने वाला शाहरुख गिरफ्तार, दिल्ली हिंसा के दौरान दिखाई थी पिस्टल…पुलिस ने यहाँ से किया गिरफ्तार

Update: 2020-03-03 07:41 GMT

नईदिल्ली 3 मार्च 2020. दिल्ली हिंसा के दौरान पुलिस पर बंदूक तानने वाले मोहम्मद शाहरुख को मंंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबर है कि शाहरुख को मंगलवार दोपहर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल शाहरुख को दिल्ली लाया जा रहा है। उसे दिल्ली लाने के बाद पुलिस आज दोपहर 3:30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेगी।

दिल्ली हिंसा के दौरान 24 फरवरी को जाफराबाद इलाके में एक शख्स ने 8 राउंड फायरिंग की थी। इस शख्स ने फायरिंग के दौरान एक पुलिस कर्मी पर पिस्टल भी तान दिया था. फायरिंग करते हुए यह शख्स फिर भीड़ में गायब हो गया था। इस शख्स की पहचान शाहरुख के रूप में हुई थी।

शाहरुख के खिलाफ दिल्ली के जाफराबाद इलाके में भड़की हिंसा के दौरान 24 फरवरी को पुलिस के सामने आठ राउंड फायरिंग का आरोप है। मालूम हो कि जाफराबाद में सीएए विरोधी पत्थरबाजों को दौड़ाने के दौरान कर्दमपुरी मेन रोड निवासी शाहरुख ने पुलिसकर्मी के सीने पर पिस्टल तान दी थी।

सिपाही ने उसे दबोचने का प्रयास किया तो शाहरुख ने दूसरे पक्ष पर कई गोलियां चला दी थी। सिपाही उससे भिड़ गया, लेकिन इसी बीच उसके साथी भी पीछे से पथराव करते हुए वहां पहुंच गए। जब तक पुलिस पकड़ती, वे शाहरुख को बचाकर ले गए।

इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन तबतक वह फरार हो चुका था। शाहरुख अशरफिया मस्जिद में बिरयानी बेचता है। फरारी के बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से भी उसे देखे जाने की खबर आई थी।

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के मामले में अब तक 369 प्राथमिकियां दर्ज की हैं और 1,284 लोगों को गिरफ्तार किया है या हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि 44 मामले शस्त्र कानून के तहत दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस के अनुसार 21 मामले साइबर अपराध के तहत दर्ज किए गए जिनमें नफरत पैदा करने वाले संदेश फैलाने के मामले भी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News