पति-पत्नी और बेटे की बेरहमी से हत्या… हाथ और पैर बांध कर दिया घटना को अंजाम… फिर शवों पर कंबल डाल कर हुए फरार

Update: 2021-10-03 05:15 GMT

कानपुर 3 अक्टूबर 2021. कानपुर के फजलगंज थाना इलाके में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर बदमाशों ने दंपती और उसके 12 साल के बेटे की निर्मम हत्या कर दी है। घटना की जानकारी सुबह एक दूध वाले ने घर में ताला देखकर मृतकों के भाइयों को दी। इसके बाद जब ताला तोड़कर घर के अंदर देखा गया तो खून से लथपथ तीन लाश पड़ी हुई थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, उन्नाव के बीघापुर बैजनाथ खेड़ा निवासी प्रेम किशोर (45) पत्नी गीता (40) और बेटे नैतिक (12) के साथ फजलगंज स्थित उचवां मलिन बस्ती में रहते थे। घर पर ही उनकी प्रेम प्रोविजन स्टोर के नाम से दुकान है। फजलगंज इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे सेल्समैन दूध देने के लिए वहां पहुंचा। मकान में ताला लगा देखा उसने सामने वाले दुकानदार बाबूराम व राजेश से संपर्क किया।

प्रेम किशोर का फोन न उठने पर राजेश ने प्रेम किशोर के भाई प्रेम कुमार को फोन कर जानकारी दी। प्रेम कुमार गुमटी निवासी अपने बड़े राज किशोर के साथ सुबह करीब सात बजे वहां पहुंचे। ताला तोड़कर मकान में घुसे। अंदर तीनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। तत्काल उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी मुख्यालय संजीव त्यागी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस व संदिग्धों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव कंबल से ढके हुए हैं। जब पुलिस ने कंबल हटाया तो हर कोई दंग रह गया। प्रेम किशोर के हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गीता और नैतिक के चेहरे और सिर पर कई घाव थे। फोरेंसिक टीम ने हाथ पर पैर खोले। रस्सी सील की। इसके अलावा वहां पर पड़ी एक लोहे की रॉड भी सीज करने समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।

वारदात को अंजाम देने के बदमाश प्रेम किशोर की स्प्लेंडर बाइक भी लूट ले गए। अलमारी का लॉक भी टूटा था। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था। ऐसे में पुलिस लूट की आशंका भी जता रही है। इधर पुलिस जाँच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश मृतक की बाइक लूटकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। इस आधार पर पुलिस आरोपियों की खोज में जुट गई है।

 

Similar News