पूर्व SP पर 50 हजार का इनाम : फरार निलंबित IPS पर इनाम की राशि हुई दोगुनी…. व्यापारी की मौत मामले में पुलिस ने पूर्व पुलिस अधीक्षक की तलाश की शुरू…ये है पूरा मामला

Update: 2020-12-07 08:38 GMT

महोबा 7 दिसंबर 2020। पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार की मुश्किलें बढ़ गयी है। अपने ही IPS की तलाश में भटक रही यूपी पुलिस ने अब मणिलाल पाटीदार पर इनाम की रकम दोगुनी कर दी है। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कबरई कस्बे के क्रशर व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत के मामले में फरार महोबा जिले के निलंबित पूर्व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के खिलाफ घोषित इनाम की राशि को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर रविवार को 50 हजार रुपये कर दिया गया।

चित्रकूटधाम क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के. सत्यनारायण ने बताया कि कबरई के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी को आत्महत्या के लिए बाध्य करने और भ्रष्टाचार के मामले में पिछले तीन महीने से फरार महोबा के निलंबित पूर्व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर 29 नवंबर को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था जिसे बढ़ाकर आज 50 हजार रुपये कर दिया गया. उन्होंने बताया “मैंने इनाम की राशि महोबा के मौजूदा पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को लिखे गए पत्र के आधार पर बढ़ाई है.”

गौरतलब है कि क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी ने सात और आठ सितंबर को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक पाटीदार के खिलाफ छह लाख रुपये की रिश्वत मांगने और अपनी जान को खतरा बताने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और इसके कुछ घंटे बाद ही वह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल अवस्था में अपनी कार में पाए गए थे. त्रिपाठी की कानपुर की रीजेंसी अस्पताल में 13 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी.

इसी मामले में कबरई के बर्खास्त पूर्व थानाध्यक्ष देवेन्द्र शुक्ला को 25 नवंबर को महोबा पुलिस ने झांसी की सीमा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बर्खास्त सिपाही अरुण कुमार यादव ने तीन दिन पूर्व लखनऊ की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है. इस मामले में नामजद दो व्यवसायी सुरेश सोनी व ब्रम्हदत्त पहले से ही जेल में हैं. सिर्फ आईपीएस अधिकारी पाटीदार ही फरार हैं.
Tags:    

Similar News