Mahatari Vandana Yojana: महतारी वंदना चुनावी योजना: कांग्रेस के आरोप पर बीजेपी का पलटवार, इन्‍हें केवल महिलाओं के शोषण करने में भरोसा, हम चलाएंगे योजना

Mahatari Vandana Yojana: महतारी वंदाना को लेकर प्रदेश के दोनों प्रमुख राष्‍ट्रीय राजनीति दलों के बीच घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस योजना को चुनावी बात रही है तो दूसरी तरफ भाजपा की तरफ से तीखा पलटवार किया गया है।

Update: 2023-11-11 13:30 GMT

Mahatari Vandana Yojana: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में महतारी वंदाना योजना शुरू करने की घोषणा की है। भाजपा सत्‍त में आई तो इस योजना के तहत प्रदेश की प्रत्येक विवाहित महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपये दिया जाएगा। अभी चुनाव की प्रक्रिया चल रही है इस बीच भाजपा ने महिलाओं को योजना का फार्म बंटना और भरवाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल खड़ा किया है। पार्टी की तरफ से मंत्री अकबर ने प्रेसवार्ता लेकर इसे भाजपा का चुनावी स्‍टंट बताया है। कांग्रेस ने इसकी चुनाव आयोग से भी शिकायत कर दी है। वहीं, भाजपा की तरफ से प्रदेश अध्‍यक्ष अरुण साव ने मंत्री अकबर के आरोपों का जवाब दिया। कहा कि यह मोदी की गारंटी हैं। हम चलाएंगे योजना।

वोट मांगने के लिए चलाई जा रही है यह योजना: कांग्रेस Mahatari Vandana Yojana

कांग्रेस प्रदेश मुख्‍यालय राजीव भवन में आज आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री अकबर व राजनांदगांव से पार्टी प्रत्‍याशी गिरीश देवांगन ने प्रेसवार्ता लेकर भाजपा पर हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महतारी वंदना योजना यह भारतीय जनता पार्टी की ओर से विज्ञापित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में किसी भी विभाग में इस प्रकार की योजना संचालित नहीं है। दूसरी बात यह है कि यह फार्म कौन से विभाग में जमा किया जायेगा और सक्षम अधिकार कौन है जिसके सामने यह प्रस्तुत किया जावेगा यह फार्म में नहीं लिखा गया है। तीसरी बात यह है कि 20 विधानसभा चुनाव में चुनाव हो चुके है उन विधानसभा में यह फार्म क्यों नहीं भरवाया जा रहा है? क्योंकि उन विधानसभा चुनाव हो चुके है इसलिये भाजपा चुनाव और वोट मांगने के लिये यह योजना चलाया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहले ही घंटे में कांग्रेस की सरकार ने घोषणा पत्र को पूरा करना शुरू कर दिया था। लगभग 20 लाख किसानों का लगभग 10 हजार करोड़ कर्ज माफ किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यसचिव को बुला कर कांग्रेस का जनघोषणा पत्र देकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के हर वायदे को पूरा करने हेतु कार्य योजना बनाया जाये इसी का परिणाम था कि पांच साल में भूपेश सरकार ने 36 में से 98 प्रतिशत वायदों को पूरा कर दिखाया। कांग्रेस जो कहती है वह करती है। इस बार भी कांग्रेस का घोषणा पत्र जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। 2018 में कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में किसान, आदिवासी, युवाओं, महिलाओं सभी से वायदा किया था और उसको पूरा किया। 2023 में हमारे घोषणा पत्र में हर वर्ग का पूरा ख्याल रखा गया है।

Mahatari Vandana Yojana: चुनाव आयोग से शिकायत और नोटिस

महतारी वंदाना का फार्म भराए जाने की कांग्रेस ने केंद्रीय चुनाव आयोग से शिकायत की है। कहा है कि भाजपा द्वारा प्रदेश भर में महिला वोटरों को लुभाने के लिए फर्जी तरीके से फार्म भरवाया जा रहा है। यह फार्म पूरी तरह से अवैध और महिला मतदाताओं को प्रलोभन देने का प्रयास है। भाजपा के इस फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया चुनाव आयोग ने गलत मानते हुए जिला निर्वाचन अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिये है। इसी संबंध में सारंगढ़ और धरमजयगढ़ में जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा भाजपा को नोटिस भी जारी किया गया है।

भाजपा सरकार देगी 50 हजार करोड़, यह मोदी की गारंटी है: साव

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने मंत्री मोहम्मद अकबर के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि अकबर और उनकी कांग्रेस सरकार महतारी वंदन क्या जानें? अकबर कह रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में कोई महतारी वंदन योजना संचालित नहीं है। भाजपा फार्म भरवाकर भ्रमित कर रही है। हमारा कहना है कि कांग्रेस ने महतारी वंदन तो किया नहीं। वह तो महिलाओं का शोषण करने में भरोसा करती है। महतारी वंदन योजना तो हम संचालित करेंगे। भाजपा की सरकार बनने पर हर विवाहित महिला को माह में एक हजार, यानी साल में 12 हजार मतलब 5 साल में 60 हजार रुपये देंगे। यह भाजपा का संकल्प है। मोदी जी की गारंटी है। भाजपा अपनी महतारी वंदन योजना लेकर छत्तीसगढ़ की महतारी, बहनों, बेटियों, बहुओं तक जा रही है तो कांग्रेस और खास तौर पर कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के संयोजक अकबर को कष्ट हो रहा है। उनका हाजमा बिगड़ गया है। जब भी महिलाओं के सम्मान, महतारी वंदन की बात आती है तो कांग्रेस को कोफ्त होती है। समझ में नहीं आता कि जननी की वंदना से कांग्रेस को इतनी नफरत क्यों है। पहले भी कांग्रेस सिर्फ एक ही महतारी का वंदन करना जानती थी। आज भी वह एक ही महतारी का वंदन कर रही है। भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ की हर महतारी का वंदन करने 50 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान करेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने महिलाओं से शराबबंदी, पेंशन, मुफ्त गैस सिलेंडर, स्व सहायता समूह के कर्ज माफ जैसे वादे किए और महिलाओं के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महतारी का अपमान करने का संकल्प ले रखा है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेसी बेरोजगार युवाओं से जैसे फॉर्म भरवा रहे थे और बाद में ठेंगा दिखा दिया, ऐसी भाजपा की संस्कृति नहीं है। हम महतारी वंदन योजना लागू करेंगे। इसका लाभ प्रत्येक विवाहित महिला को मिलेगा। परिवार में जितनी विवाहित महिलाएं हैं, सभी को साल में 12-12 हजार मिलेंगे। भाजपा ने मध्यप्रदेश में यह करके दिखा दिया है। कांग्रेस तो महतारी वंदन के नाम से भी बिचक रही है।

Tags:    

Similar News