मूणत प्रकरण से कांग्रेस को बिन माँगे मोती मिले वाला हाल.. आक्रामक होगी कांग्रेस.. मूणत बड़ी कानूनी मुसीबत में फँस सकते हैं.. आर पी ने ट्वीट में दिए अहम संकेत
रायपुर,6 फ़रवरी 2022। पूर्व मंत्री राजेश मूणत की अति सक्रियता जिसमें मूणत की ज़ुबान को बेलगाम और समर्थकों को खुली गुंडागर्दी के रुप में सामने ला दिया,उसने कांग्रेस को बिन माँगे मोती मिले वाला मौक़ा दे दिया है। संकेत है कि कांग्रेस इसे क़तई नहीं छोड़ेगी। याने राजनैतिक तापमान बहुत तेज हो सकता है॥
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेहद करीबी और प्रदेश प्रवक्ता आर पी सिंह ने एक ट्वीट किया है, यूँ वह ट्वीट बस एक माँग की ध्वनि है लेकिन सियासत में उस ट्वीट के गंभीर संकेत है। आर पी सिंह ने ट्वीट में लिखा है -
"जिन दो लड़कों के साथ भाजपाईयों ने कल मारपीट की है,उसमें से एक लड़का आदिवासी और दूसरा दलित समाज से आता है।मैं रायपुर पुलिस से अपराधियों के उपर एट्रोसिटी की धारा लगाने की माँग करता हूँ"
संकेत हैं कि आने वाले दिन में पूर्व मंत्री राजेश मूणत गंभीर क़ानूनी पचड़े में फँस सकते हैं, यह क़ानूनी मसला ना केवल मंत्री रुद्र गुरु के बंगले के सामने हुई घटना से जुड़ी होगी बल्कि यह विधानसभा थाना परिसर में हुई घटना को भी समेटेंगी।
सत्ता के दुरुपयोग बदसलूकी के आरोप अब तक कांग्रेस पर भाजपा लगाती रही है, कांग्रेस पर "बदलापुर" के आरोप तक लगाए गए हैं। लेकिन राजेश मूणत के "मालवी अंदाज" ने कांग्रेस को सियासी हमले का मौक़ा दिया है और वो इससे शायद ही चुकेगी।