CG Vidhansabha: अजय, मूणत, धर्मजीत, मोहले और सुशांत डबल शतक के करीब, रेणुका समेत कई का डेढ़ साल में खाता नहीं खुला, 5 सत्र में लगे 7000 प्रश्न....
CG Vidhansabha: दिसंबर 2023 में बीजेपी की सरकार बनने के बाद अभी तक छठवीं विधानसभा के पांच सत्र हुए हैं। इसमें अभी तक सात हजार प्रश्न हुए हैं। इनमें सबसे आगे हैं अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, धर्मजीत सिंह, पुन्नूराम मोहले और सुशांत शुक्ला।
CG Vidhansabha: रायपुर। छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा में फरवरी-मार्च 2024 से अब तक के विभिन्न सत्रों में सामने आए सवालों के आंकड़ों को देखें तो सदन में आक्रामक दिखने वाले वरिष्ठ भाजपा विधायक राजेश मूणत और अजय चंद्राकर सवाल दागने में आगे रहे हैं। दोनों सदस्यों का कुल आंकड़ा क्रमशः 192-196 पहुंच चुका है, माने डबल शतक के बहुत करीब हैं। वरिष्ठ सदस्यों पुन्नूलाल मोहले के 195, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक के 196-196 सवाल आ चुके हैं।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व वर्तमान विधायक रेणुका सिंह ने अब तक खाता नहीं खोला है। जबकि पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक गोमती साय सक्रिय हैं, इनके खाते में अब तक 101 सवाल दर्ज हो चुके हैं। सवालों का एक शतक लगाने वालों में पूर्व मंत्री उमेश पटेल हैं, जिनके नाम अब तक 152 प्रश्न हैं।
नए विधायकों में सुशांत सक्रिय
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी लगातार जनता से संबंधित मुद्दों को उठा रहे हैं और हर विधानसभा सत्र में सवाल कर रहे हैं। अब तक इन्होंने 183 सवाल उठाया है, जिसमें से सबसे अधिक 76 प्रश्न विधानसभा के पहले सत्र के हैं। दिलचस्प बात यह है कि पहले ही सत्र में मोहले, धर्मजीत सिंह और धरमलाल ने भी 76-76 सवाल दागे थे। कांग्रेस से अटल श्रीवास्तव के अब तक 118 सवाल हो चुके हैं। जबकि दिलीप लहरिया ने 164, राघवेंद्र कुमार सिंह ने 172 और बालेश्वर साहू ने 195 प्रश्न पूछे हैं। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के 188 सवाल दर्ज हैं।
राजधानी के दो विधायकों के सवाल कम
रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने 21 और रायपुर दक्षिण विधायक सुनील कुमार सोनी ने केवल 28 सवाल किए हैं। जबकि रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू ने 115 सवाल किए हैं। अन्य विधायकों में शेषराज हरवंश ने 184, चातुरी नंद ने 160, संपत अग्रवाल ने 162, द्वारिकाधीश यादव ने 166, संदीप साहू ने 159, इंद्र साव ने 181 और पहली बार विधायक बने अनुज शर्मा ने 149 सवाल किए हैं।
महिला विधायक भावना भी आगे
महिला विधायक अंबिका मरकाम ने भी सवाल पूछने में खासी रुचि दिखाई है। उनके नाम 196 सवाल दर्ज हैं। जबकि संगीता सिन्हा ने 161, अनिला भेंडिया ने 141, अंबिका मरकाम ने 192, यशोदा निलाम्बर ने 170, हर्षिता स्वामी बघेल ने 176 सवाल किए हैं। सावित्री मनोज मंडावी और लता उसेंडी ने 72-72 सवाल लगाया है।
कुल सवाल सात हजार पार
छठवीं विधानसभा के पांच सत्रों में अब तक 7728 कुल सवाल आ चुके हैं। इनमें से सर्वाधिक 2504 सवाल फरवरी- मार्च 2025 के हैं। इससे पहले फरवरी- मार्च 2024 में 2448 सवाल पूछे गए थे। ज्ञात हो कि बजट सत्र ज्यादा दिनों तक चलता है, इस कारण सवाल लगाने के ज्यादा मौके भी मिलते हैं। विधानसभा के एक बैठक दिवस में एक विधायक को अधिकतम चार सवाल लगाने का मौका दिया जाता है।