राज्यसभा चुनाव: निर्विरोध निर्वाचित हुईं लक्ष्मी वर्मा व फूलोदेवी नेताम, समर्थकों ने दी बधाई, विधानसभा पहुंचकर लिया प्रमाण पत्र
CG Rajyasabha Election: छत्तीसगढ़ को आज दो राज्यसभा सदस्य मिल गया है। भाजपा की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा व कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। विधानसभा पहुंचकर दोनों ने प्रमाण पत्र लिया, इस अवसर पर समर्थकों और पार्टी नेताओं ने बधाई दी है। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद दोनों सांसदों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और गले मिलकर बधाई दी।
इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर| 09 मार्च 2026| राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी के बाद दोनों उम्मीदवार निर्विरोध चुनी गईं। सोमवार को विधानसभा पहुंचकर आधिकारिकतौर पर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सांसद लक्ष्मी वर्मा व फूलोदेवी नेताम ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, वे राज्य और जनता के हितों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने का काम करेंगी।
भाजपा व कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार उतारे
छत्तीसगढ़ की राजनीति में ऐसा पहली बार देखने में आया जब राज्यसभा चुनाव के लिए दोनों दलों ने महिला को उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा। बता दें, छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की पांच सीटें आती हैं। फिलहाल पांच में अब तीन राज्यसभा सदस्य महिला होंगी। हालांकि कांग्रेस की रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में खत्म हो जाएगा। छत्तीसगढ़ में अब तक पांच में से चार सांसद कांग्रेस के थे, विधानसभा चुनाव के बाद विधायकों की संख्या के आधार पर अब यह समीकरण बदल गया है।
विधानसभा चुनाव में की थी दावेदारी, नहीं मिला था मौका
भाजपा व कांग्रेस की नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य विधानसभा चुनाव में दावेदारी पेश की थी। हालांकि दोनों ही दलों ने उनकी दावेदारी को दरकिनार कर दिया था। राज्यसभा चुनाव के दौरान अवसर मिला और दिल्ली पहुंच गईं। बता दें कि फूलोदेवी नेताम को कांग्रेस ने रिपीट किया है।