CG Politics News: बीजेपी में बदलाव: संसद सत्र के बाद होगा भाजपा में उलटफेर, नए संगठन मंत्री भी...

CG Politics News: छत्तीसगढ़ भाजपा में अब संसद सत्र के बाद बड़े पैमाने पर उलटफेर होने के संकेत हैं। खबर है कि इसके लिए भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार किया जा रहा है। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ भाजपा पर पड़ेगा।

Update: 2025-12-10 15:26 GMT

CG Politics News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा और स्थानीय चुनावों का सिलसिला समाप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में किरण देव सिंह की नियुक्ति हो चुकी है। इन सबके बीच भाजपा में समीकरण बदलता नजर आ रहा है। संकेत हैं कि संसद सत्र समाप्त होने का इंतजार किया जा रहा है, इसके तत्काल बाद भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। अभी इसकी जिम्मेदारी जेपी नड्डा संभाले हुए हैं, जो मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री भी हैं। इसका असर छत्तीसगढ़ भाजपा पर पड़ने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन को बिहार में मंत्री बनाया गया है। हालाँकि, नीतीश कुमार की पिछली सरकार में वे मंत्री रहते हुए, छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे, इसलिए हो सकता है वे कंटीन्यू करें। इसके अतिरिक्त संगठन महामंत्री शिव प्रकाश को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का प्रभार दिया गया है, उनका भी प्रभार बदलने के संकेत हैं। इनके अलावा छत्तीसगढ़ भाजपा के महामंत्री पवन साय का प्रमोशन होेने की चर्चा है। कहा जा रहा है कि भाजपा संगठन में काम कर रहे संघ के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बदली जा सकती है। अब श्री साय को प्रमोट कर नई जिम्मेदारी देने पर मंथन चल रहा है। इस तरह से सहसंगठन मंत्री, संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारी सभी के बदल जाने से छत्तीसगढ़ भाजपा का समीकरण ही बदल जाएगा। इनके अलावा कुछ और पद प्रभावित हो सकते हैं।

सरकार बनाने में संगठन मंत्री की भूमिका

भाजपा में संघ के कोटे से संगठन मंत्री दिए जाने की परंपरा रही है और राज्य बनने के बाद सौदान सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई थी। सौदान सिंह लंबे समय तक छत्तीसगढ़ में रहे और भाजपा की सरकार बनने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इनके अलावा रामप्रताप सिंह को यह जिम्मेदारी मिल चुकी है। माना जा रहा है कि इसी हिसाब से नए संगठन मंत्री की नियुक्ति की जा सकती है और पवन साय की जिम्मेदारी का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

शिवप्रकाश ने ली मंत्रियों की क्लास

खबर है कि बीते दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए सहसंगठन मंत्री शिव प्रकाश ने साय मंत्रिमंडल के सदस्यों से भी मुलाकात की है। सीएम हाउस में भी शिवप्रकाश के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सरकार की नीतियों और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मसलों पर चर्चा की गई है। इसमें मंत्रियों को दो टूक चेता दिया गया है कि किस तरह से काम करना है और कैसे उन्हें जनता के हित में अपनी क्षमता का उपायोग करना है। बताया जाता है कि शिवप्रकाश एसआईआर के एजेंडा को लेकर छत्तीसगढ़ आए थे, लेकिन उनकी मौजूदगी में कई विषयों पर चर्चा हुई है।

भाजपा अध्यक्ष उत्तर भारत से होने की चर्चा

वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह नए पार्टी अध्यक्ष के चुनाव को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा हो चुकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से संकेत मिल रहे हैं, उस हिसाब से नया पार्टी अध्यक्ष उत्तर भारत से हो सकता है। इनमें हरियाणा के एक वरिष्ठ नेता का नाम ज्यादा चर्चा में है, जो अभी मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री हैं। इनके अलावा ओडिशा के एक दमदार नेता का नाम लिया जा रहा है, जिनकी संगठन में अभी अच्छी पकड़ है और वे सक्रिय राजनेता के रूप में जाने जाते हैं।

Tags:    

Similar News