केंद्र ने लोगों से वसूले 26 लाख करोड़: बैंक ब्याज दरों में वृद्धि पर पीसीसी अध्यक्ष मरकाम का मोदी सरकार पर हमला, कहा- मुनाफाखोरी की लत लग गई
रायपुर, 08 जून 2022। बैंक ब्याज दर में वृद्धि पर पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है। मरकाम ने कहा कि मोदी सरकार को मुनाफाखोरी की लत लग गई है। आठ सालों में केंद्र ने बार-बार पेट्रोल-डीजल पर करों में वृद्धि कर लोगों से 26 लाख करोड़ वसूल लिए हैं।
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार कमरतोड़ महंगाई और दिन-ब-दिन बढ़ती बेरोजगारी का बोझ डालने के बाद भी संतुष्ट नहीं है। अब बैंकों द्वारा दिए जाने वाले लोन पर ब्याज दरों में फिर से वृद्धि करने को तैयार है। पिछले ही महीने मोदी सरकार ने ब्याज दरों में 0.40 प्रतिशत की अचानक बढ़ोतरी कर दी थी। वित्तीय विश्लेषण करने वाली और वित्तीय जानकारी देने वाली देश की विश्वसनीय संस्था ब्लूमबर्ग के अनुसार भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ब्याज दर में 0.75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती है।
मरकाम ने कहा देश में थोक महंगाई दर 15 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। इसके बावजूद वसूली का सिलसिला थम नहीं रहा है। आम जनता अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लोन लेती है। केंद्र के इस बेरहम कदम से होम लोन, वाहन लोन, शिक्षा लोन सहित कोई भी लोन लेने पर लोगों को अतिरिक्त ब्याज का बोझ झेलना पड़ेगा। ब्याज दरों में वृद्धि के कारण व्यापार-व्यवसाय पर भी विपरीत असर पड़ेगा। अपने मित्र उद्योगपतियों के लाखों करोड़ का कर्ज माफ करने वाली मोदी सरकार जनता पर लगातार बेरहमी बरत रही है।