आधी आबादी को 40% सीटें: यूपी में कांग्रेस ने 40 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को टिकट देने का किया ऐलान, 403 में 161 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव, नया नारा दिया- 'लड़की हूं लड़ सकती हूं'
कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश में होने वाले चुनाव में 40 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को उतारने का फैसला किया है। राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने मंगलवार को यह ऐलान किया।
लखनऊ, 19 अक्टूबर 2021। कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश में होने वाले चुनाव में 40 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को उतारने का फैसला किया है। राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने मंगलवार को यह ऐलान किया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि यह शुरुआत है। आने वाले समय में इसे बढ़ाया भी जा सकता है। इसके साथ ही एक नया नारा भी दिया है- 'लड़की हूं लड़ सकती हूं'। उत्तरप्रदेश में 403 विधानसभा सीटें हैं। 40 फीसदी सीटों के मुताबिक 161 पर महिलाएं चुनाव लड़ेंगी। प्रियंका से जब यह सवाल किया गया कि कई नेता अपनी पत्नी, बेटी या बहन को चुनाव लड़वाते हैं तो उनका जवाब था कि इसमें कोई हर्ज नहीं है। चुनाव लड़ने के बाद वे सक्षम हो जाती हैं। प्रियंका ने एक किस्सा बताते हुए कहा कि एक प्रधान ने अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाया और बाद में आकर कहने लगे कि इसे आप ही संभालिए। अब सारे फैसले खुद करने लगी है। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। यह फैसला उन सभी महिलाओं के लिए है, जो चाहती हैं कि उत्तरप्रदेश में बदलाव आए, प्रदेश आगे बढ़े।