3 दर्जन किसान संगठन आंदोलन खत्म करने को तैयार, 1 दिसंबर को हो सकता है अहम ऐलान
नई दिल्ली, 29 नवंबर 2021। संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होते ही आज पहले ही दिन लोकसभा और राज्यसभा में कृषि कानून वापस ले लिए गए। पराली और बिजली एक्ट से किसानों को निकाल दिया गया है। इसके साथ ही करीब एक साल से चला आ रहा किसान आंदोलन अगले दो दिन में खत्म हो सकता है। आज सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के 32 किसान संगठनों की एक बैठक हुई। जिसमें आंदोलन खत्म कर घर वापसी के लिए सहमति बन गई है। हालांकि इस मामले में अभी अंतिम फैसला होना बाकी है। इसका फैसला लेने के लिए बनाई गई संयुक्त किसान मोर्चा की 42 लोगों की कमेटी की इमरजेंसी बैठक 1 दिसंबर को ही होगी। पहले ये 4 दिसंबर को होने वाली थी। किसान नेताओं के मुताबिक अब आंदोलन के खत्म होने पर संयुक्त किसान मोर्चा की मुहर लगनी बाकी है। उनका कहना है कि जिन मांगों को लेकर हम आए थे, उन पर फैसला हो चुका है। एमएसपी पर सरकार ने कमेटी बनाने की बात कही है। उसके लिए केंद्र सरकार को एक दिन का वक्त दिया है। इसमें किसानों के प्रतिनिधि लिए जाएंगे या नहीं और वो कितने वक्त में फैसला लेगी? इन बातों पर सब कुछ साफ होना चाहिए।