केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का मुकदमा, प्रियंका गांधी हिरासत में, किसान और सियासी नेता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के इस्तीफे पर अड़े
लखनऊ, 4 अक्टूबर 2021। लखीमपुर में कल दोपहर हुई हिंसा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा के खिलाफ जिला पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का अपराध कायम कर लिया है। उनके साथ दर्जन भर और अज्ञात लोगों के लिए एफआईआर दर्ज किया गया है। उधर, घटनास्थल पर जा रही कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रेंज आईजी लक्ष्मी सिंह ने इस मामले में बताया कि आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ज्ञातव्य है, कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव हो गया। तिकुनिया कस्बे में हुए बवाल के दौरान मंत्री के बेटे आशीष मिश्र की गाड़ी से कुचलकर चार किसानों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगाते हुए गुस्साए किसानों ने मंत्री के बेटे की गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी।
मंत्री के बेटे ने खेतों में भागकर जान बचाई, लेकिन इस दौरान हुई पिटाई से चालक सहित चार अन्य की भी मौत हो गई। दस से ज्यादा घायल किसानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान मोर्चा के नेता के साथ ही सियासी नेताओं ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। मौके पर पुलिस ने छावनी बना दिया है।