स्वच्छता के जन आंदोलन को मिलेगी गति- हर घर नल से मिलेगा शुद्ध पेयजल…स्वच्छ भारत मिशन 2.0 और अमृत 2.0 का हुआ आगाज़, छत्तीसगढ़ से नगरीय प्रशासन मंत्री के साथ मेयर और अधिकारियों की टीम रही मौजूद

Update: 2021-10-02 03:32 GMT

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर 2021। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज आयोजित कार्यशाला में मिशन अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 का शुभारंभ किया गया। देश के सभी प्रदेशों के शहरी विकास मंत्रियों, सचिवों एवं अधिकारियों को उपस्थिति में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता रूपी जन आंदोलन में और तेजी लाने और अमृत मिशन के तहत हर घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने समस्त प्रदेशों और निकायों से सबका साथ सबका प्रयास करने का आव्हान किया।।
कार्यक्रम में देश के समस्त नगरीय निकायों, प्रदेशों तथा भारत सरकार के मध्य अमृत मिशन 2.0 तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के क्रियान्वयन तथा मिशन के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाने हेतु MOU डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित किए गए।

जैसा कि विदित है कि स्वच्छ भारत मिशन 1.0 तथा अमृत मिशन 1.0 के क्रियान्वयन में देश में छत्तीसगढ़ प्रदेश अग्रणी रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार दो वर्षो से राज्य प्रथम स्थान पर कायम है वहीं प्रदेश का अंबिकापुर शहर पिछले तीन सर्वेक्षणों में उच्च स्थान हासिल करने में सफल रहा है।। प्रदेश के नगरीय निकायों में अपशिष्ठ प्रबंधन हेतु संचालित मिशन क्लीन सिटी योजना को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने बेस्ट प्रैक्टिस निरूपित किया है तो वहीं दूसरी ओर इस योजना से 9000 से अधिक स्वसहायता समूहों की महिलाओं को उनके शहर में ही रोजगार मिला है। इस मॉडल ने अपशिष्ट प्रबंधन के साथ महिला सशक्तिकरण और कचरे से कमाई का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।।
नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के इन्ही अनुभवों को साझा किया नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव सुश्री अलरमेलमंगई डी. ने।। साथ ही सुश्री मंगई द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश में किए जा रहे अनेकों नवाचार, स्वच्छता दीदियों के योगदान तथा अंबिकापुर के साथ साथ प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों द्वारा किए जा रहे कार्यों का वर्णन संक्षेप में प्रस्तुतिकरण द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया, रायपुर नगर निगम के महापौर श्री एजाज ढेबर, नगर निगम बिलासपुर के महापौर श्री रामशरण यादव, नगर निगम अंबिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की , सीईओ सूडा श्री सौमिल रंजन चौबे, आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा श्री कुलदीप शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।

Similar News