पीसीसी चीफ़ मरकाम की दो टूक बृहस्पति सिंह जो बोल रहे हैं.. जो कर रहे हैं..संगठन की कड़ी नज़र.. वक्त का इंतज़ार करिए”
रायपुर,1 अक्टूबर 2021। पीसीसी चीफ़ मोहन मरकाम बोलते रह गए कि, हमारी नेता सोनिया गांधी.. संगठन सर्वोपरि.. अनुशासन सबके लिए, लेकिन उनके बोल को उन्हीं के संगठन के बैनर तले चुने गए विधायक धता क्यों बता रहे हैं, इस मसले पर पत्रकारों ने पीसीसी चीफ़ मरकाम को घेर दिया। हालाँकि मोहन मरकाम संतुलित और बेहद मध्यवर्ती लकीर पर चलने वाले नेता और वक्ता माने जाते हैं, लेकिन लगता है बृहस्पति का वक्री होना अब उन्हें भी परेशान करने लगा है।
राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीसीसी चीफ़ मोहन मरकाम ने कहा
”बृहस्पति सिंह जो बोल रहे हैं.. जो कर रहे हैं.. संगठन की कड़ी नजर है.. वक्त का इंतज़ार करिए”
विदित हो कि बृहस्पति सिंह इन दिनों दिल्ली में है, और उनके साथ दर्जन भर विधायकों की मौजुदगी है। उनकी ओर से दो बयान मीडिया रिपोर्ट में है, पहला बयान जबकि उन्होंने कहा कि, ”वे दिल्ली आए हैं और चाहते हैं कि राहुल गांधी उनके क्षेत्र/ विधानसभा आएँ और देखें कि विकास कैसा हुआ है” दूसरा बयान जबकि उन्होंने कहा – ”कोई ढाई साल वाला मसला नहीं है..”
इसके पहले बृहस्पति सिंह स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव पर हमले का आरोप लगा चुके हैं, हालाँकि इसके बाद उन्होंने विधानसभा में खेद जताया था।