प्रश्नकाल में टोकाटोकी से भड़का विपक्ष.. आसंदी से बोले वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल- “प्रश्नकाल में प्रश्न लगाने वाले सदस्य और पूरक प्रश्न लगाने वाले सदस्य के अतिरिक्त अन्य टोकाटोकी सही नहीं है.. यदि ऐसा होता रहा तो मुश्किल होगी” असंतुष्ट विपक्ष ने किया बहिर्गमन
रायपुर,23 दिसंबर 2020। प्रश्नकाल में प्रश्न लगाने वाले सदस्य और पूरक प्रश्न पूछने वाले सदस्यों पर टोकाटोकी की अनवरत आवृत्ति पर विपक्ष भड़क गया। प्रश्न धान ख़रीदी केंद्रों में धान के उठाव ना होने को लेकर था। जिसे सदस्य रजनीश सिंह ने उठाया था। इस पर मंत्री अमरजीत भगत के जवाब से विपक्ष असंतुष्ट हो गया और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक समेत विपक्षी सदस्य अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह ने जवाब को ग़लत करार दिया।
विपक्ष ने माँग रखी कि, इस मामले में प्रश्न का जवाब सही नहीं दिया गया है। मंत्री अमरजीत भगत इस पूरे मसले की जाँच की घोषणा करें। इस वाक़ये के दौरान सदस्य बृहस्पति सिंह लगातार टोकाटोकी करते रहे। इस पर विपक्ष बिफर गया। वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने आसंदी से कहा
“प्रश्नकाल में प्रश्न लगाने वाले सदस्य और पूरक प्रश्न पूछने वाले सदस्य के सवालों पर टोकाटोकी उचित नहीं है, यदि ऐसा होता रहा तो मुश्किल होगी”
विपक्ष इस मसले पर लगातार जवाब और जाँच की माँग करता रहा लेकिन आसंदी से उपाध्यक्ष मनोज मंडावी ने व्यवस्था दी कि पर्याप्त प्रश्न आ गए और जवाब आ चुका है।
इसके बाद विपक्ष बहिर्गमन कर गया।