राष्ट्रपति के लिए नामांकन: द्रौपदी मुर्मू ने चार सेट में जमा किया नामांकन, मोदी-शाह के साथ एनडीए के नेता रहे मौजूद; छग के सांसद-विधायक बने प्रस्तावक

Update: 2022-06-24 16:05 GMT

नई दिल्ली। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के सीएम शामिल हुए। छत्तीसगढ़ से भाजपा के सांसद व विधायक भी मुर्मू की ओर से प्रस्तावक बने।

द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर चार सेटों में नामांकन दाखिल किया। हर सेट में 60 प्रस्तावकों व 60 अनुमोदकों के नाम है। पहले सेट में पीएम मोदी प्रस्तावक और राजनाथ सिंह अनुमोदक बने हैं। दूसरे सेट में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावक बने हैं। तीसरा सेट हिमाचल और हरियाणा और चौथे सेट में गुजरात के विधायक प्रस्तावक व अनुमोदक बने हैं। चारों सेट में 60 प्रस्तावक व 60 अनुमोदक बने हैं।


छतीसगढ़ से केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह के अलावा राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, सांसद संतोष पांडेय व मोहन मंडावी के अलावा विधायक ननकीराम कंवर, पुन्नूलाल मोहले व डमरूधर पुजारी प्रस्तावक बने हैं। ओडिशा के बीजद व आंध्रप्रदेश के वाईएसआर कांग्रेस ने भी मुर्मू को समर्थन देकर सेटों पर हस्ताक्षर किए हैं।

द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन के बाद विपक्ष से समर्थन मांगा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एनसीपी प्रमुख शरद पवार से बात की और राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन मांगा है।

Tags:    

Similar News