Mumbai Landslide : हर तरफ आसमानी आफत... अब मुंबई में हुई मौत की बारिश, विक्रोली में भीषण भूस्खलन, 2 लोगों की मौत कई घायल

Mumbai Landslide : हादसा विक्रोली के वर्षा नगर इलाके में जनकल्याण सोसाइटी के पास हुआ। देर रात करीब ढाई बजे पहाड़ी से अचानक मिट्टी और पत्थर खिसककर नीचे बने एक घर पर आ गिरे।

Update: 2025-08-16 07:34 GMT

Mumbai Landslide : पिछले कुछ माह से बड़ी-बड़ी घटनाएं सामने आ रही है. और घटनाओं  में जान-माल की भी काफी हानि हो रही है. इन सब के बीच आसमानी बारिश आफत बन चुकी है, ऐसा लग रहा हैं मानों जैसे आसमान से मौत की बारिश हो रही है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अब मुंबई में भी लैंडस्लाइड देखने को मिली है, जिसमें 2 लोगों की जान चली गई है।


मुंबई के विक्रोली में शनिवार को भीषण भूस्खलन हुआ। भारी बारिश के कारण  भूस्खलन (लैंडस्लाइड)  हुआ  है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और कई लोग बुरी तरह से घायल हैं। सुबह से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगह पानी भर गया है और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि शनिवार और रविवार को मुंबई में भारी बारिश होगी। इसी वजह से शहर में रेड अलर्ट जारी किया गया था, जबकि ठाणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट लगाया गया है। विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर 19 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। 


हादसा विक्रोली (पश्चिम) के वर्षा नगर इलाके में जनकल्याण सोसाइटी के पास हुआ। देर रात करीब ढाई बजे पहाड़ी से अचानक मिट्टी और पत्थर खिसककर नीचे बने एक घर पर आ गिरे। देखते ही देखते झोपड़ी मलबे में दब गई। तेज आवाज और हड़कंप के बीच स्थानीय लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक चार लोग मलबे में फंस चुके थे। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया और राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 19 साल की शालू मिश्रा और 50 साल के सुरेश मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। जबकि 45 वर्षीय आरती मिश्रा और 20 वर्षीय रुतुराज मिश्रा का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अभी स्थिर है।




 प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क 

बारिश से बिगड़े हालात के बीच प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और ऊंचे-नीचे इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और बीएमसी की टीम मौके पर तैनात है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


भूस्खलन में दो की मौत


अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और नागरिक कर्मचारियों सहित आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। घटना में शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) घायल हो गए और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। क्षेत्र के अन्य निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।


Tags:    

Similar News