मथुरा ऑनर किलिंग: भाई ने बहन के प्रेमी को सरेआम गोलियों से भूना, सदमे में बहन ने लगाई फांसी
Mathura Murder News: यूपी के मथुरा में ऑनर किलिंग का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है।
Mathura Murder News: यूपी के मथुरा में ऑनर किलिंग का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। नौहझील थाने के सुहागपुर गांव में एक भाई ने अपनी 15 साल की बहन के प्रेमी को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कहानी में एक और दर्दनाक मोड़ तब आ गया जब आरोपी की नाबालिग बहन ने भी घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की।
रास्ते में रोककर सीने में उतारीं गोलियां
मारे गए युवक की पहचान 30 साल के अर्जुन के रूप में हुई है जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था। मंगलवार की सुबह जब वह किसी काम से जा रहा था तभी आरोपी भोला ने अपने दोस्त बॉबी के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक पहले उनके बीच काफी देर तक कहासुनी हुई और फिर अचानक आरोपियों ने अर्जुन के सीने में गोलियां दाग दीं। जान बचाने के लिए जब अर्जुन अपने घर की तरफ भागा तो उसे पीछे से भी गोली मारी गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मर्डर के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
मर्डर के बाद बहन का सुसाइड अटेंप्ट
अर्जुन की हत्या की खबर जैसे ही आरोपी भोला के घर पहुंची तो उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने खुद को कमरे में बंद करके फांसी लगा ली। गनीमत रही कि मां की नजर पड़ गई और उसे तुरंत फंदे से उतार लिया गया।
फिलहाल उसे क्रिटिकल कंडीशन में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज (SN Medical College) में रेफर किया गया है। दूसरी तरफ मर्डर करने के बाद आरोपी भोला ने बेखौफ होकर सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ अपनी फोटो पोस्ट की।
गांव में तनाव, भारी पुलिस फोर्स तैनात
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने मिडिया को बताया कि यह पूरा मामला प्रथम दृष्टया 'लव-एंगल' और छेड़छाड़ से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपी भोला और उसके दोस्त बॉबी के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है।
फॉरेंसिक टीम ने भी क्राइम सीन से सारे जरूरी सुबूत इकट्ठे कर लिए हैं। मर्डर के बाद दो परिवारों के बीच पनपे इस भारी तनाव को देखते हुए सुहागपुर गांव में भारी पुलिस फोर्स (Police Force) और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।