LPG PNG New Rules: 1 जुलाई से इन उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा गैस सिलिंडर, मंत्रालय का सख्त आदेश, जानें नया नियम

LPG PNG New Rules: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के आदेश पर दोहरे कनेक्शन वालों के LPG सिलिंडर 1 जुलाई से बंद होंगे। 300 मीटर के दायरे में PNG लेना अनिवार्य। ब्लैक मार्केटिंग का अपडेट भी पढ़ें।

Update: 2026-04-06 06:03 GMT
फोटो: AI

LPG Booking Rules: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों का पालन करते हुए जिला पूर्ति विभाग ने दोहरे गैस कनेक्शन (Dual Connection) रखने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। आगरा और आसपास के क्षेत्रों में लागू हो रहे नए नियम के तहत जिन घरों में पीएनजी (PNG) की सप्लाई चालू है वहां 1 जुलाई 2026 से एलपीजी (LPG) सिलिंडर की डिलीवरी पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी। इस प्रशासनिक फैसले का सीधा असर उन हजारों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा जो पीएनजी के साथ बैकअप के लिए एलपीजी सिलिंडर भी रखते हैं।

1 जुलाई से बंद होगी डिलीवरी, सरेंडर होंगे 70 हजार कनेक्शन

जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) आनंद कुमार ने कहा है कि पीएनजी उपभोक्ता अब किसी भी हालत में एलपीजी कनेक्शन अपने पास नहीं रख सकेंगे। प्रशासनिक स्तर पर अगले तीन महीने के भीतर ऐसे सभी डुअल कनेक्शन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रीन गैस लिमिटेड (Green Gas Limited) ने ऐसे उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार कर ली है जिनके पास दोनों कनेक्शन मौजूद हैं। उम्मीद है कि इस नए नियम के लागू होने से 70 हजार से अधिक एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किए जाएंगे।

300 मीटर के दायरे में पाइपलाइन है तो PNG अनिवार्य

प्रशासन ने गैस नेटवर्क के विस्तार के लिए कड़े दिशा निर्देश लागू किए हैं। जिन कॉलोनियों या गली मोहल्लों में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है वहां के लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेना ही होगा। अगर किसी घर से 300 मीटर के दायरे में पाइपलाइन मौजूद है तो उपभोक्ता को आवेदन करने के एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन दे दिया जाएगा। नए पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को 6,000 रुपये की सिक्योरिटी मनी (जमानत राशि) जमा करानी होगी।

ग्रीन गैस लिमिटेड ने शुरू किया स्पेशल कैंप

डीएसओ आनंद कुमार के मुताबिक विभाग ने अगले तीन महीने में 25 हजार नए पीएनजी कनेक्शन देने का टारगेट सेट किया है। इसके पहले चरण में 5,000 घरों को गैस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इस टारगेट को पूरा करने के लिए ग्रीन गैस लिमिटेड ने हाल ही में शंकर ग्रीन ताजनगरी और अपर्णा प्रेम शास्त्रीपुरम जैसे इलाकों में शिविर लगाकर ऑन द स्पॉट फॉर्मलिटीज पूरी कराईं।

925 का सिलिंडर 2000 में बिक रहा

एक तरफ प्रशासन एलपीजी आपूर्ति को सामान्य बताने का दावा कर रहा है, वहीं ग्राउंड रिपोर्ट दूसरी ही तस्वीर पेश कर रही है। गैस संकट के कारण भारी ब्लैक मार्केटिंग हो रही है। व्यावसायिक (कॉमर्शियल) इस्तेमाल वाले सिलेंडरों की भारी कमी के कारण लोग 925 रुपये वाला घरेलू गैस सिलिंडर 1800 से 2000 रुपये के ब्लैक रेट पर खरीदने को मजबूर हैं।

आंकड़ों के अनुसार जिले में कॉमर्शियल सिलिंडर की डिमांड 40 हजार के करीब है लेकिन पेट्रोलियम कंपनियों की तरफ से मुश्किल से 4,500 सिलिंडर ही सप्लाई हो पा रहे हैं। सप्लाई में 90 प्रतिशत की इस भारी कटौती से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक उपभोक्ता बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

Tags:    

Similar News