सांसद की कोरोना से मौत : कोरोना पॉजेटिव सांसद का अस्पताल में चल रहा था इलाज…..अस्पताल में छुट्टी से पहले बिगड़ गयी थी तबीयत, वेंटिलेटर पर रखना पड़ा था
पुणे 16 मई 2021। कांग्रेस सांसद राजीव सातव का रविवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. बाद में एक नया वायरल संक्रमण हो गया था और उनकी हालत गंभीर थी. सातव (46) की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था. उनका जाना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है. कांग्रेस के तमाम नेता उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं.
कांग्रेस के सांसद राजीव सातव 22 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उन्हें पुणे के जहांगीर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां पर उनकी हालत बिगड़ती गई और फिर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई लेकिन…
कुछ दिनों के लिए वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी धीरे-धीरे तबीयत में सुधार आ रहा था। उनकी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। उस वक्त डॉक्टरों ने कहा था कि सातव स्वस्थ्य हैं और जल्द ही उन्हें अस्पताल में छुट्टी दे दी जाएगी।अस्पताल से छुट्टी से पहले ही राजीव की तबीयत फिर से खराब हो गई। सांसद को फिर से वेंटिलेटर पर रखना पड़ा है। कोरोना निगेटिव होने के बाद भी उनको निमोनिया की शिकायत पाई गई।
जालना में शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया था कि सातव धीरे-धीरे ठीक हो रहे थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य दोबारा खराब हो गया और अब उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों को पता चला है कि वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इस मामले में विशेषज्ञों की सलाह ली जा रही है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “मुझे अपने दोस्त राजीव सातव के खोने का बहुत दुख है. वह विशाल क्षमता वाले नेता थे जिन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को असली रूप दिया. यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना और प्यार.”
पीएम बोले- उनके निधन से व्यथित हूं
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर राजीव सातव के निधन पर दुख जताया. पीएम ने लिखा- “संसद में मेरे दोस्त राजीव सातव जी के गुजर जाने से मैं व्यथित हूं. वो उभरते हुए नेता थे जिनमें कई क्षमताएं थीं. उनके परिवार, दोस्त और समर्थकों के प्रति मैं संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, “राजीव सातव के रूप में हमने अपना एक प्रतिभाशाली साथी खो दिया. वो दिल के साफ, ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के लिए प्रतिबद्ध और भारतीयों के प्रति समर्पित थे. मेरे पास शब्द नहीं हैं. बस उनकी पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना हैं. उन्हें उनके बिना आगे बढ़ने की शक्ति मिले.”