मानसून सत्र खत्म: विधानसभा अध्यक्ष महंत “कोविड संक्रमण से डरने की नही, सावधान रहने की जरुरत.. सभी सदस्यों ने उल्लेखनीय सहयोग किया”….मुख्यमंत्री बोले- व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ सत्र, अध्यक्ष जी का धन्यवाद

Update: 2020-08-28 17:52 GMT

रायपुर,28 अगस्त 2020। कोविड संक्रमण के दौर में विधानसभा का सत्र आहूत करना और औपचारिकताओं से दूर पूरी सार्थकता से संपन्न कराने के मसले ने छत्तीसगढ़ विधानसभा को देश की संसदीय प्रणाली में मील का पत्थर साबित कर दिया है।
विधानसभा के सत्र समापन पर खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन से कहा –

“हम लोग चकित थे और परेशान भी कि, आखिर
यह कैसे होगा लेकिन आखिरकार यह संपन्न हुआ और पूरी तरह सुरक्षित भी,इसके लिए मैं विधानसभा अध्यक्ष जी का आभार और धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ”

विधानसभा को जिस तरह से सुरक्षित करते हुए संचालित किया गया उसने सदस्यों को और पूरी विधायिका प्रणाली को चमत्कृत किया बल्कि दूसरे प्रदेशों के लिए सबक़ भी छत्तीसगढ़ बना है।
विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने NPG से कहा

“हमारे पास विकल्प था कि हम कुछ नहीं करते, लेकिन क्या यह सही विकल्प था.. ज़ाहिर है नहीं.. यह मूल बात है कि कोविड से डरने से बेहतर है कोविड से सावधानी बरतना.. और हमने ठीक यही किया.. मुझे ख़ुशी है कि सदस्यों का अभूतपूर्व सहयोग मिला..”

विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा

“समय सीमा कम थी लेकिन फिर भी मैं संतुष्ट हूँ..”

संतुष्ट होने की वजह भी है, विधानसभा में विपक्ष इसलिए ही विपक्ष होता है क्योंकि संख्या बल कम होता है, और उसे संरक्षण हासिल होता है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने सदन से कहा

“तीन दिन में सदन ने पांच दिन का काम निपटाया.. यह ना सहज था ना सरल..”

छजका विधायक धर्मजीत सिंह ने सदन में कहा

“आपने संरक्षण दिया और यही संरक्षण बनाए रखिए”

लोकतांत्रिक परंपरा में यह विश्वास अर्जित करना बड़ी बात है कि पक्ष विपक्ष दोनों का भरोसा हासिल हो, और यह भरोसा विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को हासिल है, ज़ाहिर है वे खूश हैं और उन्हें खुश रहना भी चाहिए।

Similar News