मोदी कैबिनेट: कल शाम को होगा केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल, सिंधिया, राणे समेत कई नेता पहुंचे दिल्ली…
नईदिल्ली 6 जुलाई 2021. नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्रिमंडल का विस्तार कल यानी बुधवार शाम 6 बजे होगा. इस मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद ये भारत के इतिहास का सबसे युवा मंत्रिमंडल हो जाएगा. बताया जा रहा है कि इस बार कई युवा चेहरों को इसमें तरजीह दी जा रही है, जिसके चलते मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों की औसत आयु काफी कम हो जाएगी.
कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया के बीच दिल्ली में नेताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है. मोदी कैबिनेट में असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे कई वरिष्ठ नेताओं को भी जगह दिए जाने की भी अटकलें हैं। हाल ही में उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की थी। शिवसेना और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन से बाहर होने और एलजेपी के रामविलास पासवान के निधन के कारण मंत्रिमंडल में कई पद खाली हैं।
इसके अलावा, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता नारायण राणे भी दिल्ली पहुंच चुके हैं. माना जा रहा है कि राणे मोदी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, राणे इस बारे में कोई भी जानकारी देने से कतराते हुए नजर आए.