महापौर की हत्या: पंचायती कर लौट रहे मेयर पर अपराधियों ने चलायी ताबड़तोड़ गोलियां… अस्‍पताल पहुंचते ही हुई मौत

Update: 2021-07-30 03:15 GMT

पटना 30 जुलाई 2021. उत्तरी बिहार के कटिहार शहर के महापौर शिवराज पासवान की गुरुवार रात को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां दागकर हत्या कर दी. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है. बदमाशों की गोली लगते ही मेयर शिवराज पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्‍हें तुरंत एक अस्‍पताल ले जाया गया, जहां उन्‍होंने दम तोड़ दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सहित नगर थाना, सहायक थाना एवं मुफस्सिल थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची तथा मामले को तफ्तीश में जुट गयी. इधर, समर्थकों की भीड़ भी अस्पताल में जुटने लगी. देर शाम शहर में समर्थकों ने जम कर हंगामा किया. प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

शिवराज पासवान किसी मामले में पंचायती कर गुरुवार की रात अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तीन अज्ञात अपराधियों ने संतोषी चौक के पास ताबतोड़ गोलियों की बौछार कर दी.गोली लगने से वे गंभीर रूप से जख्मी होकर वहीं जमीन पर लहुलुहान होकर गिर पड़े. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां बड़ी संख्या में जुट आये. स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सक ने शिवा पासवान की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में जुट गयी. समर्थकों को जैसे ही मौत की खबर मिली तो सभी आक्रोशित हो गये. इसके बाद जगह-जगह हंगामा करने लगे.

Tags:    

Similar News