कोरबा UPDATE : एक नर्सिंग होम को किया गया क्वारंटाईऩ…..डाक्टर का सैंपल जांच के लिए भेजा गया…. कोरोना पॉजेटिव महिला 2 दिन रूकी थी उस हॉस्पीटल में….हॉस्पीटल में भर्ती मरीजों को भी एकांत में रहने को कहा गया

Update: 2020-04-12 09:38 GMT

कोरबा 12 अप्रैल 2020। कोरोबा में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश में अब कोरोना पॉजेटिवों की कुल संख्या 30 हो गयी है, जिनमें 20 से ज्यादा अकेले कोरबा से हैं। पिछले 12 घंटे में प्रदेश में 12 कोरोना के नये मरीज मिले, जिनमें से 11 अकेले कोरबा के कटघोरा से हैं। जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को लॉकडाउन कर रखा है, वहीं कलेक्टर किरण कौशल सहित तमाम आला अधिकारी कटघोरा क्षेत्र में कैंप किये हुए हैं। इधर जिला प्रशासन के निर्देश पर एक नर्सिंग होम को क्वारंटाईन कर दिया गया है।

दरअसल शनिवार रात को जो दो महिलाएं कोरोना पॉजेटिव मिली थी, उनमें से एक महिला मार्च के महीने में नर्सिंग होम आयी थी और दो दिनों तक रही थी। महिला की एक रिश्तेदार अस्पताल में डिलेवरी के लिए भर्ती थी, जिसकी वजह से वो अस्पताल में रूकी थी। जिला प्रशासन ने मरीज की ट्रेवल हिस्ट्री के आधार पर नर्सिंग होम को क्वारंटाईऩ कर दिया है।

कलेक्टर किरण कौशल ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया है कि

“महिला की रिपोर्ट पॉजेटिव आयी है, उसकी ट्रेवल हिस्ट्री के आधार पर नर्सिंग होम को क्वारंटाईऩ किया गया है, डाक्टर का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है, वहीं अस्पताल में भर्ती मरीज को क्वारंटाईऩ पर रहने को कहा गया है”

आपको बता दें कि कोरबा में शनिवार को 7 नये मरीज मिले थे, जिनमें दो महिलाएं और 5 पुरुष थे। वहीं रविवार को पॉजेटिव आयी रिपोर्ट 4 लोगों में सभी के सभी पुरुष बताये जा रहे हैं। जिस तरह से कोरबा में संक्रमित मरीज मिले हैं, उसने प्रशासन की चुनौतियां बढ़ा दी है।

Similar News