कोरबा अनलॉक- ब्रेकिंग : रविवार का लॉकडाउन हटाया गया….अब सातों दिन खुलेगी दुकानें, दुकान को खोले रखने का वक्त भी बढ़ाया गया… आदेश जारी
कोरबा 25 जून 2021। छत्तीसगढ़ में कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे कम हो गया है, अब प्रतिदिन मरीज का औसत 400 से भी कम हो गया है। लिहाजा प्रशासन की तरफ से स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिशें भी जारी है। रायपुर के बाद अब कोरबा में भी कोरोना के मद्देनजर की गयी सख्ती में और थोड़ी छूट मिल गयी है। कलेक्टर रानू साहू ने दुकानों को खोलने की समयावधि बढ़ा दी है। अब रविवार को भी अन्य दिन की तरह की दुकानें खुलेगी। रविवार को कंप्लीट लाकडाउन का आदेश हटा दिया गया है। रविवार सहित सातों दिन अब रात 8 बजे तक दिकानें खुलेंगे।
कलेक्टर ने अपने आदेश में संशोधन करते हुए रात आठ बजे तक दुकानों को खोलने की इजाजत दी है, इससे पहले शाम 7 बजे सभी दुकानें बंद हो जाती थी। अब नये निर्देश के मुताबिक रात 8 बजे तक सभी अस्थायी, स्थायी दुकानें, शापिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, सुपर मार्केट, बाजार, फल, सब्जी की दुकानें, शराब दुकान, ब्यूटी पार्लर, स्पा, पार्क, खुले रहेंगे।