ज़ुबानी जंग तेज: बृजमोहन अग्रवाल की विवादित टिप्पणी का आया जवाब, शैलेष बोले – मानसिक संतुलन खो गए हैं बृजमोहन जी
रायपुर,13 जुलाई 2021। भाजपा के क़द्दावर नेता और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल की कांग्रेस पर की गई टिप्पणी की तीखी प्रतिक्रिया हो रही है। विभिन्न मीडिया समूहों में इस आशय की खबरें चलीं कि, उन्होंने कांग्रेस को लातों का देवता कहा है। इसके जवाब में कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा, बृजमोहन ने मानसिक संतुलन खो दिया है।
कल कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने शराब मसले पर तंज कसते हुए डॉ रमन सिंह को पद्म पुरस्कार की सिफ़ारिश करते हुए बताया कि छत्तीसगढ में शराब की नदियाँ बहाने में उनका ही योगदान है। इस तंज पर मीडिया ने वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल से प्रतिक्रिया माँगी तो उन्होंने कहा
“कांग्रेस सरकार से अच्छी नीति भाजपा की सरकार और डॉ रमन की रही। कोंचिए तब शराब नहीं बेचते थे, अब तो घर घर में बिक रही है, मेरे हिसाब से तो जिन्होंने भी अच्छा काम किया उन्हें पद्म पुरस्कार मिलना ही चाहिए”
लेकिन सियासती तूफ़ान ठीक इसके बाद वाली लाईन पर आया। कद्दावर नेता बृजमोहन ने कहा
“सरकार को तो आने वाले समय में जनता सबक़ सिखाएगी,ये पुरस्कार के लायक़ नहीं।जो लातों के देवता हैं वो बातों से नहीं मानते”
बयान के इस अंदाज से सियासती तूफ़ान खड़ा हो गया, लातों के देवता को कांग्रेस पर टिप्पणी मानी गई। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश संचार विभाग प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा
“रविंद्र चौबे जी, छात्र जीवन से राजनीति में हैं और ज़ाहिर है बृजमोहन जी से वरिष्ठ हैं। बृजमोहन अग्रवाल जी के शब्द स्तब्ध करते हैं, मुझे लगता है उनका मानसिक संतुलन खो गया है, कुछ साल पहले जबकि उन्हें भाजपा ने अध्यक्ष नहीं बनाया तो भी उन्होंने संतुलन खो दिया था, और एकात्म परिसर में बहुत कुछ हो गया था.. अब दुबारा शायद ऐसी स्थिति हो गई है..मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।