मुंबई 2 मार्च 2020। पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने सोमवार को न्यूजीलैंड में टेस्ट श्रृंखला में भारत की 0-2 की हार के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली टीम की रणनीति पर सवाल उठाए। भारत को क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट में तीन दिन के भीतर सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा जबकि वेलिंगटन में टीम ने पहला टेस्ट 10 विकेट से गंवाया था।
लक्ष्मण का मानना है कि श्रृंखला के दौरान भारतीय टीम अनुशासित नहीं थी। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत को हराने और टेस्ट श्रृंखला आसानी से जीतने के लिए न्यूजीलैंड को बधाई। भारत जरूरी अनुशासन नहीं दिखा पाया और यह बेहद निराशाजनक है।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने राष्ट्रीय टीम को सलाह दी। मांजरेकर ने कहा कि पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने का जरूरत से अधिक प्रयास कर रहे हैं? सर्वश्रेष्ठ यह है कि सामान्य योजना अपनाइए जो आपने शीर्ष क्रम के खिलाफ अपनाई। अब पुछल्ले बल्लेबाजों को पहले बाउंसर और फिर यार्कर फेंककर आउट करना आसान नहीं है।
बेदी ने ट्वीट किया कि क्या कोई बता सकता है कि न्यूजीलैंड ने दुनिया की नंबर एक टीम पर पूरी तरह से दबदबा कैसे बनाया? मैं सही कारण नहीं समझ पा रहा हूं। क्या किसी व्यक्ति को अपमानित किए बगैर कोई मेरी मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस बीच, धैर्य रखने, शांत चित्त रहने और प्रतिबद्धता दिखाने के लिए न्यूजीलैंड की सराहना कीजिए।