IAS बेचने लगा सब्जी : बाजार में सब्जी बेचते IAS को देख लोग हैरान…. सोशल मीडिया में वायरल हुई तस्वीर… जानिये क्या कहा तस्वीर पर अफसर ने

Update: 2021-08-26 05:29 GMT

लखनऊ 26 अगस्त 2021। आईएएस अफसर की सड़क पर सब्जी बेचते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही हैं। वायरल तस्वीर में दिख रहे IAS का नाम अखिलेश मिश्रा है, जो यूपी में विशेष सचिव के तौर पर पदस्थ हैं। तस्वीरों में दिख रहा है कि दुकान पर टमाटर, तरोई, बैगन, लौकी, धनिया और मिर्ची सहित कई सब्जियां रखी हुई हैं। दुकान पर आईएएस अखिलेश बैठ सब्जी बेच रहे हैं। एक तस्वीर में जहां वो ग्राहक को सब्जी की कीमत बता रहे हैं, तो दूसरी तस्‍वीर में वह कोई सब्‍जी उठाकर ग्राहक को देते हुए नज़र आ रहे हैं।

एक तस्‍वीर में थोड़ी दूरी पर रखा उनका जूता भी नज़र आ रहा है। ये तस्‍वीरें उन्‍होंने खुद फेसबुक पोस्‍ट पर साझा कीं तो देखते ही देखते इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। इन पर खूब लाइक और कमेंट्स मिलने लगे। तस्‍वीरें सोशल मीडिया में वायरल होने के कुछ समय बाद उन्‍होंने इन्हें अपनी फेसबुक पोस्‍ट से डिलीट कर दिया। हालांकि तब तक ये तस्‍वीरें काफी लोगों तक पहुंच चुकी थीं। दुकान पर सब्जी बेचते अखिलेश मिश्रा ने फेसबुक पर फोटो डालकर कैप्शन भी लिखा है ‘..टमाटर ₹20 किलो, छांट लो’. वैसे आईएएस अखिलेश मिश्रा की छवि उत्‍तर प्रदेश की ब्‍यूरोक्रेसी में एक सक्रिय अधिकारी की है। फोटो वायरल होते ही आईएएस के फेसबुक पर कमेंट और कटाक्ष दोनों की बाढ़ आ गयी।

 

कईयों ने इस मामले में आईएएस की खिंचाई भी की। जिसके बाद आईएएस अखिलेश मिश्रा ने सफाई देते हुए कहा कि मैं कल सरकारी कार्य से प्रयागराज गया था। वापस आते समय एक स्थान पर सब्जी देखने के लिए रुक गया। सब्जी विक्रेता एक वृद्ध महिला थी जिसने मुझसे अनुरोध किया कि मैं उसकी सब्जी पर नजर रखूं वो एक पल में आती है। सम्भवतः उसका बच्चा दूर चला गया था। मैं यूं ही उसकी दुकान पर बैठ गया। इस बीच कई ग्राहक आए। कुछ देर बाद वो सब्जी विक्रेता महिला आ गई।इसी दौरान मेरे एक दोस्त ने तस्वीरें ले ली और मेरे ही फोन से फेसबुक पर अपलोड कर दी। जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। जब मुझे तस्वीरों के वायरल होने की जानकारी मिली तो मैंने उसे फौरन हटा दिया। बता दें कि आईएएस अखिलेश मिश्रा ट्रांसपोर्ट विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

Tags:    

Similar News