Dry Eyes In Winter: सर्दियां आते ही आंखों में सूखापन, जलन और लाली की शुरू हो गई परेशानी? जानिये होम रेमेडीज...

Dry Eyes In Winter: सर्दियां आते ही आंखों में सूखापन, जलन और लाली की शुरू हो गई परेशानी? जानिये होम रेमेडीज...

Update: 2025-11-20 07:57 GMT

Dry Eyes In Winter: सर्दियां आते ही आंखों से जुड़ी अनेक परेशानियां शुरू हो जाती हैं जैसे आंसुओं का सूख जाना यानी ड्राई आइज़, आंखों में जलन-इरिटेशन और आंखों का लाल पड़ना, असहजता महसूस करना आदि। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सर्दी के मौसम में हवा में नमी की कमी हो जाती है जिसका असर आपकी आंखों पर भी पड़ता है और आंखों में आंसू सूखने लगते हैं। दरअसल ये आंसू ही आपकी आंखों को आराम देते हैं। जब उनकी कमी हो जाती है तो आंखों से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। लेकिन इस समस्या का भी घरेलू समाधान है। आप खानपान ने थोड़े बदलाव कर सकते हैं और कुछ सावधानियां भी रख सकते हैं जिससे आपको राहत मिलेगी। आइये जानते हैं इन होम रेमेडीज़ के बारे में।

खानपान में शामिल करें ये चीज़ें

ड्राई आइज़, इरिटेशन, लाली, असहजता, आंसू की कमी के चलते धुंधली दृष्टि जैसी तमाम समस्याओं से राहत के लिए आपको खान-पान में ये खास चीज़ें शामिल करनी चाहिए।

ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर चीज़ें

आप ओमेगा -3 फैटी एसिड से भरपूर चीज़ों का सेवन बढ़ाएं। ये आंखों में आंसू बनाने में मदद करते हैं। साथ ही आंखों में सूजन से भी राहत देते हैं। ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर चीजों के लिए आप फैटी फिश, अलसी, चिया सीड्स, अखरोट आदि ले सकते हैं।

विटामिन ए

विटामिन ए आंखों के लिए बहुत ज़रूरी है। जब हम विटामिन ए से भरपूर चीज़ें लेते हैं तो आंखों में आंसू बनाने वाली ग्रंथियों को सपोर्ट मिलता है। यह कॉर्निया को स्वस्थ रखने के लिए भी ज़रूरी है। विटामिन ए के लिए आप गाजर, शकरकंद, पालक, गोभी, अंडे जैसी चीज़ें ले सकते हैं।

विटामिन सी

आंखों की कोशिकाओं को राहत देने के लिए आपको विटामिन सी से भरपूर चीज़ें भी अपनी डाइट में शामिल करनी चाहिए जैसे कि खट्टे फल, नींबू, ब्रोकली, शिमला मिर्च आदि।

जिंक

अगर आपकी बॉडी में जिंक की कमी है तो आपकी ड्राई आइस की समस्या और भी बिगड़ सकती है। इसलिए आपको जिंक को भी अपनी डाइट में बढ़ाना चाहिये। जिंक आंखों में तेल ग्रंथियों को सपोर्ट करता है जिससे आंखों में लुब्रिकेशन बना रहता है। जिंक रेटिना को स्वस्थ रखता है और बढ़ती उम्र के साथ आंखों पर होने वाले दुष्प्रभाव को कम करता है। जिंक की कमी पूरी करने के लिए आप कद्दू के बीज, दाल, छोले, काजू आदि ले सकते हैं।

ल्यूटिन और ज़ियाजैंथिन

एंटीऑक्सिडेंट्स ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन आँखों को स्क्रीन की हानिकारक रोशनी और ऑक्सीडेटिव स्ट्रैस से बचाते हैं। आपके खान-पान में ल्यूटिन और ज़ियाजैंथिनल की मौजूदगी आंखों को राहत देती है और असहजता को दूर करती है। ल्यूटिन और ज़ियाजैंथिन के लिए आप पालक, ब्रोकोली, एग योक आदि का सेवन कर सकते हैं।

पानी

ड्राई आइज़ की समस्या से राहत पाने के लिए आपको सर्दियों में भी भरपूर पानी पीने पर ध्यान देना चाहिए। डिहाइड्रेशन से आंखों में नमी की कमी हो जाती है। इसलिए भरपूर पानी पिएं।

० अन्य उपाय

1. ड्राई आइस की समस्या अधिक होने पर आंखों की ठंडी और गर्म सिकाई करें। दिन में तीन-चार बार आंखों की सिकाई ज़रूर करें। आप गर्म और ठंडे पानी में रुमाल को भिगा कर उसे आंखों पर रख सकते हैं।

2. अगर घर में रूम हीटर का उपयोग करते हैं तो उसके एकदम पास ना रहें क्योंकि उससे आंखों की नमी और सूखती है और आंखों में असहजता महसूस होती है।

3. लंबे समय तक स्क्रीन को एकटक न देखें। इससे आंखों में थकान और सूखापन होता है। हर 20 मिनट में 20 सेकंड का ब्रेक लें और 20 फ़ीट दूर किसी चीज़ को देखें। इससे ड्राई आइज़ की समस्या कम होगी और आंखों को आराम मिलेगा।

4. आंखों में कृतिम आंसू लाने वाले आई ड्रॉप मार्केट में अवेलेबल है। आप दिन में तीन-चार बार आंखों में इन्हें डाल सकते हैं। ये आपको ओवर द काउंटर आराम से मिल जाएंगे।

Tags:    

Similar News