नौ लाख क्विंटल धान के नुक़सान पर खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के बोल- “अरे.. क्या आया राम गया राम जैसे लोगों की बात का जवाब देना.. और क्या उनके आरोपों में गंभीरता”
0- मंत्री खुद नहीं बता पाए कि कितना धान सूखा और कितना सड़ा
रायपुर,29 जून 2021। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आँकड़ों सहित लगाए गए आरोप जिसमें यह कहा गया है कि प्रदेश में नौ लाख क्विंटल धान का नुक़सान हुआ है, उसे लेकर खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने जिस तरह जवाब दिया है उस अंदाज़ को लेकर अगर यह लिखा जाए कि खाद्य मंत्री भगत ने आरोपों को हवा में उड़ाया तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने किसान मोर्चा के आँकड़ों सहित जारी आरोप पर कहा –
“अरे.. क्या बात करना है उन लोग का.. आया राम गया राम है.. और क्या उनके आरोपों का जवाब देना”
हालाँकि खुद मंत्री भगत यह जवाब नहीं दे पाए कि उनकी जानकारी में कितना धान सूखा है..कितना धान ग़ायब है.. और कितना धान सड़ चुका है। इसके उलट मंत्री भगत ने कहा
“हमारे पास बीस लाख अतिरिक्त था.. दस का हम वेंडरों को दिए अब वेंडर जानेगा कि उसको कब कैसे उठाना है.. और केंद्र सरकार हमको सहयोग नहीं की.. हमको पहले कुछ आँकड़ा बोले.. बाद में उसको घटा दिए.. बताईए.. ये सब पर कोई कुछ नहीं बोलता है”
उल्लेखनीय है कि भाजपा किसान मोर्चा ने धान के आँकड़ों को लेकर जारी किए आरोपों के साथ चुनौती दी थी कि यदि आंकड़े ग़लत पाए जाते हैं तो सरकार उन पर एफआईआर कर दे।इस मसले पर मंत्री भगत ने कहा
“क्या FIR की बात करते हैं.. भागते हैं सीधे कोर्ट.. सामना नहीं करते हैं ये लोग”
दो वर्ष की उपलब्धियों के मसले पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उनसे सवाल हुआ –
“आपके विधानसभा क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है.. खबरें दिखाए जाने पर पत्रकारों की सरेआम पिटाई हो रही है.. आप को पता तो होगा ही”
मंत्री अमरजीत भगत ने इस मसले पर कहा
“मेरे क्षेत्र में ऐसा कुछ नहीं है कि अवैध उत्खनन हो रहा है, और यदि कोई ऐसा कर रहा है, मारपीट जैसा.. तो मैं स्पष्ट कर दूँ मेरा ऐसे किसी से कोई संबंध नहीं है”
मंत्री अमरजीत भगत से यह सवाल भी हुआ
“आपके कानों में कुछ दिक़्क़त आ गई थी.. सुनाई नहीं दे रहा था.. अब ठीक है सब सुनाई देने लगा है न”
मंत्री भगत ने मुस्कुराते हुए कहा
“बुरा मत सुनो.. बुरा मत देखो.. बुरा मत बोलो.. तो इसलिए बुरा कुछ होता है तो नहीं सुनाई देता है”