Botalda ki Gufa: छत्तीसगढ़ की सबसे लंबी रहस्यमयी गुफा, यहां सूर्य की रोशनी का भी पहुंचना है मुश्किल, जानिए बोतलदा गुफा के बारे में

Botalda ki Gufa:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की बोतलदा गुफा का सफर वाकई में एक रोमांचक सफर माना जाता है। यह अपने भीतर अनेक रहस्य समेटे हुए है। आइए जानते हैं.

Update: 2025-10-17 07:12 GMT

Botalda ki Gufa: यदि आप किसी एडवेंचर के शौकीन हैं तो छत्तीसगढ़ कि यह जगह आपके लिए किसी नए अनुभव से कम नहीं होगी। रायगढ़ जिले की बोतलदा गुफा का सफर वाकई में एक रोमांचक सफर माना जाता है। यह न केवल छत्तीसगढ़ की सबसे लंबी गुफा है बल्कि अपने भीतर अनेक रहस्य समेटे हुए है। गुफा खरसिया तहसील से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर मांड पर्वत श्रृंखला में स्थित है और वर्तमान में अटल रॉक गार्डन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस गुफा में सूर्य की रोशनी पहुंचना मुश्किल हो जाता है। आखिर ऐसा क्या है इस गुफा में आइए जानते हैं।

किसने की गुफा की खोज

बोतलदा गुफा की खोज की कहानी भी काफी रोचक है। एंडरसन, डॉक्टर रमेंद्र मिश्र और कमला जी जैसे पुरातत्वविदों ने गुफा को खोजा था। यह गुफा छत्तीसगढ़ के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। समय के साथ यह गुफा स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र बन गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां साधु-संतों ने तपस्या की है।

बोतलदा गुफा यात्रा की शुरुआत बोतलदा वाटरफॉल से होती है जो स्वयं एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है। यहां से गुफा तक पहुंचने के लिए लगभग दो से ढाई किलोमीटर की कठिन पहाड़ी चढ़ाई करनी पड़ती है। यह रास्ता घने जंगलों से होकर गुजरता है जहां प्रकृति अपने विविध रूपों में नजर आती है।

गुफा की विशेषताएं

बोतल्दा गुफा एक अनोखी ही प्राकृतिक संरचना है। गुफा का प्रवेश द्वार अत्यंत संकरा है और अंदर जाने के लिए काफी झुकना पड़ता है। यह प्रवेश द्वार इतना छोटा है कि एक बार में केवल एक ही व्यक्ति अंदर जा सकता है। जैसे ही आप अंदर प्रवेश करते हैं एक अलग ही दुनिया आपका स्वागत करती है। कुटुमसर गुफा की तरह ही यहां भी अंदर काफी अंधेरा छाया रहता है। यहां सूर्य की रोशनी भी नहीं पहुंचती है।

गुफा के भीतर कई कक्ष हैं जो आपस में जुड़े हुए हैं। प्रत्येक कक्ष की अपनी विशेषता है। कहीं छत बहुत नीची है तो कहीं इतनी ऊंची कि टॉर्च की रोशनी भी वहां तक नहीं पहुंच पाती। गुफा के अंदर पूर्ण अंधकार रहता है और बिना टॉर्च के एक कदम भी आगे बढ़ना असंभव है। इसके अलावा सिद्ध बाबा की मूर्ति भी यहां विराजमान है और इसीलिए इस गुफा को श्री सिद्ध गुफा के नाम से भी जाना जाता है।

अटल रॉक गार्डन परिसर

बोतल्दा गुफा अटल रॉक गार्डन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है यह पूरा परिसर वन विभाग द्वारा संचालित किया जाता है और पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिसर में गुफा के अलावा एक खूबसूरत वाटरफॉल भी है और एक प्राकृतिक कुंड का निर्माण करता है। प्राचीन शैल चित्र भी देखने को मिलते हैं जो इस क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं।

Tags:    

Similar News