महिला पुलिस अधिकारी ने अपने होने वाले पति को किया गिरफ्तार... जानिए पूरा मामला...
नईदिल्ली 7 मई 2022। एक महिला सब इंस्पेक्टर ने अपने होने वाले पति को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक महिला सब इंस्पेक्टर से अपनी असली पहचान छुपाकर उससे शादी करने जा रहा था। इस बात की जानकारी जब महिला सब इंस्पेक्टर को हुई तो तत्काल उसे अरेस्ट कर पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
दरसअल ये पूरा मामला असम के नगांव जिले का है। यहीं नगांव थाने में ही जोनमणि राभा सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ है। जोनमणि राभा की दी गई शिकायत के मुताबिक, जब उनकी पोस्टिंग माजुली में थी तब उनकी मुलाकात 2021 में राणा पगग से हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई और वे करीब आए। तब उसने(राणा पगग) ने खुद को ONGC में जनसंपर्क अधिकारी बताया था। इसी दौरान उसने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों के परिवार मिले और अक्टूबर, 2021 में सगाई कर ली। नवंबर, 2022 में दोनों की शादी तय की गई थी।
जोनमणि ने बताया कि उसे जनवरी, 2022 से ही पगग के काम करने के तरीके पर शक होने लगा था। इसके बाद उसने जांच-पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि पगग कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। वहीं पता चला कि वह ओएनजीसी में भी कार्यरत नहीं है। वह एसयूवी गाड़ी से चलता था और अपने साथ ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी भी रखता था, जिससे वह अधिकारी लगे। महिला पुलिस अधिकारी ने कहा, मैं शुक्रगुजार हूं कि तीन लोग मेरे पास आए और उन्होंने राणा पगग के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने मेरी आंखे खोल दीं, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।