VIDEO राज्यसभा सदस्य नेताम ने गुमटी में बनाई चाय.. समर्थकों को पिलाया और बोले -"बतावल जाई..का हाल बा.. चाय ठीक बनल न"
अंबिकापुर,10 नवंबर 2021। राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम की एक शैली ऐसी रही है जिसने उन्हें जनप्रिय बनाने में सबसे अहम भुमिका निभाई थी, वह है भदेस अंदाज। अरसे बाद रामविचार नेताम उस अंदाज में दिखने लगे हैं जिस अंदाज मिज़ाज ने उन्हे सर्वप्रिय बना दिया था।
राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम वाड्रफनगर के चौक पर मौजुद सरजू के ठेले पर अचानक पहुँचे और खुद से चाय बनाने लगे। नेताम ने चाय बनाई और खुद के साथ ठेला संचालक सरजू और समर्थकों को चाय पिलाई। मस्त मौज में नज़र आते पूर्व मंत्री नेताम ने कहा
"हांऽऽऽऽ.. त बतावल जाई.. का हाल-चाल बा.. चाय ठीक बनल बा न"
राज्यसभा सदस्य नेताम के देसी सहज सुलभ अंदाज के कई क़िस्से रहे हैं। बतौर विधायक कभी भी कहीं भी किसी भी अंदाज में पहुँच जाना, झोपड़ी में अचानक खाना बनाना साथ में खाना, कभी बैलगाड़ी तो कभी ट्रैक्टर तो कभी मोटरसायकिल में पहुँच जाना, इस अंदाज ने ही रामविचार नेताम को अपराजेय सा बना दिया था, ये मिज़ाज था जिसने नेताम को "पाल के लाल" का तमग़ा दे दिया।लेकिन ये क़िस्से छत्तीसगढ सरकार में मंत्री पद के पहले के हैं, मंत्री बनने के बाद उनका यह अंदाज नदारद हो गया था, और अंततः एक वक्त आया जबकि वो मंत्री रहते हुए विधायक चुनाव हार गए।
ज़ाहिर है अरसे बाद जब "पाल के लाल" की भुमिका में नेताम दिखे तो चर्चाएँ फिर शुरु हो गई।